खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नवा रायपुर स्थित नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान कार्यक्रम में मंच पर पीएम मोदी के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राज्यपाल रामेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत मौजूद रहे।
लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा के लिए आज का दिन एक स्वर्णिम शुरुआत का दिन है और मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर यह बहुत ही सुखद दिन है, अहम दिन है। मेरा बीते कई दशकों से इस भूमि से बहुत आत्मीय नाता रहा है। एक कार्यकर्ता के रूप में मैंने छत्तीसगढ़ में बहुत समय बिताया। यहां से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। मेरे जीवन को गढ़ने में यहां के लोगों का, यहां की भूमि का बहुत बड़ा आशीर्वाद रहा है। छत्तीसगढ़ की परिकल्पना और इसके निर्माण का संकल्प और फिर इस संकल्प की सिद्धि हर एक क्षण पर मैं छत्तीसगढ़ में परिवर्तन का साक्षी रहा हूं। आज जब छत्तीसगढ़ 25 साल की यात्रा के अहम पड़ाव पर पहुंचा है, तो मुझे इस क्षण का भी सहभागी बनने का अवसर मिला है। आज इस रजत जयंती के उत्सव पर मुझे राज्य के लोगों के लिए इस नई विधानसभा का लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला है। मैं छत्तीसगढ़ के लोगों को और राज्य सरकार को इस अवसर पर शुभकामनाएं और बधाई देता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि 2025 का यह साल भारतीय गणतंत्र का अमृत वर्ष भी है। 75 साल पहले भारत ने अपना संविधान देशवासियों को समर्पित किया था। ऐसे में आज इस ऐतिहासिक अवसर पर मैं इस अंचल से संविधान सभा के सदस्य रहे रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, घनश्याम सिंह गुप्त, ईश्वरी मोहन त्रिपाठी, रामप्रसाद पोटाई और रघुराज सिंह जैसे महापुरुषों को स्मरण करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि देता हूं। तब के काफी पिछड़े रहे इस क्षेत्र से दिल्ली पहुंचकर इन विभूतियों ने बाबा साहेब के नेतृत्व में संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज का दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बनकर चमक रहा है।
उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ 25 साल का हो गया है, तो भी मुझे इस क्षण का साक्षी रहने का सौभाग्य मिला है। मैं नवीन विधानसभा के लिए सरकार को भी बधाई देता हूं। 2025 का यह वर्ष अमृत वर्ष भी है। मैं इस अंचल के पुरखों को भी नमन करता हूं। छत्तीसगढ़ के विभूतियों ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थी। यह केवल एक इमारत का समारोह नहीं, यह जनगौरव का उत्सव भी है। आज छत्तीसगढ़ अपने स्वप्न के नए शिखर पर खड़ा है। मैं इस मौके पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करता हूं, जिन्होंने छत्तीसगढ़वासियों को पृथक राज्य की सौगात दी।
नए विधानसभा भवन से राज्य की समृद्धि और खुशहाली के नए आयाम स्थापित होंगे- ओम बिड़ला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती के अवसर पर देश के पीएम के करकमलों से इस विधानसभा भवन का लोकार्पण हुआ है, यह क्षण हम सबके लिए गौरव का क्षण है। पीएम सदैव लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति गहरी आस्था रही है। मुझे विश्वास है कि आधुनिक और विशिष्ट वास्तु से निर्मित इस नए विधानसभा भवन से जो निर्णय लिए जाएंगे, उससे राज्य समृद्धि और खुशहाली के नए आयाम स्थापित होंगे। हमारी लोकतांत्रिक संस्थाएं आस्था और विश्वास का केंद्र होती हैं। विधानसभा में होने वाली चर्चा, विधेयकों पर विमर्श और सार्थक मुद्दों पर विचार-विमर्श वहां के नागरिकों की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को पूरा करती है। छत्तीसगढ़ विधानसभा ने हमेशा मर्यादा, संवाद और लोकतांत्रिक परंपराओं की उच्च परंपरा स्थापित की है।
उन्होंने कहा कि मुझे आशा है कि नया विधानसभा भवन इन उच्च परंपराओं को और मजबूत करेगा। नया विधानसभा भवन लोकतंत्र के आदर्शों का केंद्र बने, लोकसेवा की भावनाओं को और मजबूत करे और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए कठिन मेहनत से काम करे।
आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में रहेगा अंकित- डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज हमारे लिए गौरव का क्षण है। हम सब आज प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में ऐतिहासिक विधानसभा भवन के लोकार्पण के साक्षी हैं। मैं ऐसे प्रधानमंत्री का स्वागत करता हूं जिन्होंने राम मंदिर निर्माण कराया, जिन्होंने धारा 370 हटाया, जिन्होंने गरीबों को आवास और भोजन की गारंटी दी। आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। निर्माण से लेकर जवान तक, विकास से लेकर विधान तक सब कुछ ऐतिहासिक है।
विधानसभा जनता और सरकार के बीच सेतु के रूप में काम कर रही- सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों से अंकित रहेगा। एक नया भारत निर्माण करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हम स्वागत और अभिनंदन करते हैं। आज हमारा देश सशक्त और आत्मनिर्भर है। छत्तीसगढ़ का गौरवशाली इतिहास रहा है और हमारा ऐतिहासिक विधानसभा रहा है। आज एक और इतिहास नवीन भवन के रूप में रच रहा है। यह विधानसभा जनता और सरकार के बीच सेतु के रूप में कार्य कर रही है।
Trending
- सुशासन तिहार 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया मुंगेली नगर के चौक-चौराहों में स्थापित प्रतिमाओं का अनावरण
- सुशासन तिहार 2026: अंबिकापुर में ‘सरकार आपके द्वार’ से मिटा ममता का दर्द, राशन कार्ड मिलते ही छलकी खुशी
- मेधावी छात्रों के सपनों को मिली ‘IPL’ की उड़ान: मुख्यमंत्री साय के न्यौते पर रायपुर स्टेडियम पहुंचे छत्तीसगढ़ के सितारे
- भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 12-13 मई को रायपुर में, आगामी रणनीति पर होगा मंथन
- विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों हेतु सर्वे कर 33 हजार से अधिक आवास स्वीकृत एवं 21 हजार आवास पूर्ण
- देश की प्रगति और राष्ट्रीय एकता में क्षत्रिय कुर्मी समाज का योगदान अविस्मरणीय – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
- देश की प्रगति और राष्ट्रीय एकता में क्षत्रिय कुर्मी समाज का योगदान अविस्मरणीय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
- जलेश्वर महादेव धाम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया जलाभिषेक: प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की


