
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर स्थित कांकेर जिले में जंगलों से बाहर आकर कामतेड़ा बीएसएफ कैंप में लगभग 100 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमपर्ण कर दिया है। इनमें बड़े कैडर के नक्सली राजू सलाम, कमांडर प्रसाद और मीना शामिल है। सभी नक्सली बस के जरिए कैंप पहुंचे हैं,आत्मसमर्पित नक्सलियों से भरी तीसरी बस आज बुधवार काे कामतेड़ा कैम्प पहुंची गई है। सुरक्षा कारणों के चलते बीएसएफ कैंप में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
विदित हाे कि माड़ डिविजन ने 15 अक्टूबर को आत्मसमर्पण की बात कही थी। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की संख्या 100 से अधिक हो सकती है। फ़िलहाल आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजू सलाम डिवीजनल कमेटी मेंबर (डीव्हीसीएम) कंपनी नंबर 5 का कमांडर था। वह रावघाट एरिया में सक्रिय था। राजू सलाम कांकेर में पिछले 20 साल के बीच घटी सभी घटनाओं का मास्टरमाइंड रहा है। इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों के मुख्यधारा में लौटने से इलाके में नक्सलवाद के खात्मे की उम्मीदें बढ़ गई हैं। फिलहाल, कांकेर पुलिस आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों की पहचान करने में जुटी हुई है। संभावना है कि इन्हें जल्द ही जिला मुख्यालय या संभागीय मुख्यालय में मीडिया के सामने पेश किया जाएगा।


