नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायगढ़। रायगढ़ सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से एक बड़े ठगी के गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपए हड़पने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी खुद को रोजगार प्रदाता बताकर युवाओं से पैसे वसूलता था।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कैलाश यादव पिता सुखजय यादव निवासी बेलादुला, रायगढ़ ने जीवनधन रोजगार शाखा इतवारी बाजार में ऑफिस खोलकर लोगों को ठगने का काम किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने ऑफिशियल जॉब्स एंड मेंबरशिप नामक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर युवाओं को उसमें शामिल किया करता था। ग्रुप में वह लोकल और इंडस्ट्रियल सेक्टर की प्राइवेट नौकरियों की फर्जी विज्ञप्तियां डालकर बेरोजगार युवाओं से संपर्क करता और फिर नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम ऐंठ लेता था।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने लगभग 30 लोगों से ठगी की, जिनसे किसी से 25,000, किसी से 50,000, तो किसी से 75,000 से लेकर 1 लाख रुपए तक वसूले गए। कई पीड़ितों ने बताया कि पहले भी इस संबंध में शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन उस वक्त आरोपी ने पैसा लौटाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, आज तक किसी को रकम वापस नहीं मिली।
आज सुबह से ही 2 दर्जन पीड़ित युवक सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और अलग अलग रूप से आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कैलाश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवको के अनुसार, आरोपी का आधार कार्ड भी संदिग्ध है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कर दोषी पाय जाने पर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।


