KWNS – प्रिया पाठक, रायपुर । बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा इन दिनों छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चल रही है। कथा के तीसरे दिन एक अजीब वाक्या देखने को मिला। बागेश्वर धाम सरकार के मंच पर मुस्लिम युवक पहुंचा और उसने कहा कि वह सनातन धर्म अपनाना चाहता था। इसके बाद धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने उसे गंगाजल पिलाया और सनातन धर्म में उसकी वापसी कराई।
दरअसल, रायपुर में गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा चल रही है। इसी दौरान एक मुस्लिम युवक मंच पर आया और उसने कहा कि मुझे सनातन धर्म स्वीकार करना है। उसने अपना नाम सलमान बताया। उसने कहा कि वह पूजा पाठ में विश्वास करता है और सनातन धर्म के प्रति उसकी आस्था है जिस कारण से वह सनातन धर्म को स्वीकार करना चाहता है।
सनातन धर्म अपनाने वाले सलमान से बागेश्वर बाबा ने पूछा की तुम किसी प्रेशर में आकर तो सनातन धर्म स्वीकार नहीं कर रहे हो। उसने कहा नहीं। इसके साथ ही धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि तुमने अपनी मर्जी से सनातन धर्म को स्वीकार किया है। इसका एक आवेदन कलेक्टर को जाकर दे देना। इसके साथ ही बाबा ने उससे कहा कि अब अपना नाम भी बदल लेना। जिसके बाद युवक ने कहा कि मैं अब सलमान से राजवीर बन गया हूं। धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने उसके नए नाम की तारीफ की।


