2000 पन्नों का पूरक चालान किया पेश
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) 2021 में हुए घोटाले की जांच में सीबीआई ने बड़ा कदम उठाया है। एजेंसी ने विशेष अदालत में लगभग 2000 पन्नों का पहला पूरक चालान दाखिल किया है। इसमें पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड बताया गया है।
सीबीआई ने अपने चालान में स्पष्ट किया है कि सोनवानी ने पद का दुरुपयोग करते हुए न केवल परीक्षा प्रक्रिया में धांधली की, बल्कि अपने परिवार के सदस्यों और प्रभावशाली लोगों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से भ्रष्टाचार को अंजाम दिया।
किन-किन नामों का खुलासा?
इस घोटाले में अब तक दर्जनभर से ज्यादा लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव, परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक, सोनवानी के बेटे-बहू समेत अन्य पारिवारिक सदस्य, श्री बजरंग पॉवर के पूर्व डायरेक्टर एस के गोयल, उनके पुत्र शशांक गोयल, बहू भूमिका गोयल, ललित गणवीर, दीपा आडिल और निशा कोसले जैसे नाम शामिल हैं।
सीबीआई ने चालान में इन सभी की गंभीर संलिप्तता का खुलासा किया है और बताया है कि प्रश्नपत्रों की हेराफेरी से लेकर फर्जी मेरिट सूची तैयार करने तक कई स्तरों पर भ्रष्टाचार किया गया। पूरक चालान दाखिल होने के बाद अब मामले की सुनवाई प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।


