खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर आग लग गई है। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके बेटे चैतन्य बघेल को निशाने पर लेते हुए एक तीखा कार्टून पोस्ट किया है, जिसमें भूपेश को ‘वोट चोर’ और चैतन्य को ‘नोट चोर’ बताया गया है। भाजपा की राज्य इकाई ने सोशल मीडिया पर यह पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “एक तरफ वोट चोरी का प्रपंच, दूसरी तरफ नोट चोरी का खेल… कांग्रेस जनता की नजरों में हो चुकी है फेल।” यह हमला उस वक्त आया है जब चैतन्य बघेल शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद हैं, और भूपेश बघेल पर 2023 विधानसभा चुनावों में वोटों के कथित हेरफेर के आरोप लग रहे हैं।
भाजपा नेता केदार गुप्ता ने इस कार्टून पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “देखिए कांग्रेस का चरित्र उजागर हो गया है। चोरी नहीं, डकैती की है वोट की। पेटियां लेकर भाग जाते थे। अब भाजपा की सरकार है, ये लोग नहीं बचेंगे।” गुप्ता ने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल (2018-2023) में वोट चोरी की साजिश रची गई, जिसके कारण भाजपा को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि अब जांच एजेंसियां सक्रिय हैं, और सच्चाई सामने आ रही है।


