खबर वर्ल्ड न्यूज – रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजनीतिक हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट शनिवार सुबह रायपुर पहुंचे और सीधे सेंट्रल जेल का रुख किया, जहां उन्होंने शराब घोटाला मामले में न्यायिक हिरासत में बंद चैतन्य बघेल से मुलाकात की। चैतन्य, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किए गए हैं।
जेल पहुंचे कांग्रेस के दिग्गज नेता
सुबह 8:00 बजे सचिन पायलट रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे जेल रवाना हो गए। उनके साथ छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, कांग्रेस सह प्रभारी जरिता लेतफलांग, पूर्व मंत्री डॉ. शिव डहरिया और कांग्रेस नेता विजय जांगिड़ भी मौजूद थे।
यह मुलाकात राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि कांग्रेस इस गिरफ्तारी को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रही है। पार्टी इसे केंद्र सरकार और ईडी के “दुरुपयोग” का उदाहरण बता रही है।


