खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा और कृषि परंपरा से जुड़ा प्रमुख लोकपर्व हरेली तिहार इस वर्ष आज मुख्यमंत्री निवास में पारंपरिक और उल्लासपूर्ण रूप से मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष आयोजन में लोकजीवन की विविध रंगतें, सांस्कृतिक विरासत और किसानों के प्रति सम्मान का भाव सजीव रूप में प्रकट होगा। हरेली त्यौहार के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री निवास परिसर को छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति के रंगों से सजाया गया है। पारंपरिक तोरण, हरियाली से सजे द्वार और ग्रामीण शिल्प कला से समृद्ध इस वातावरण में हरेली की वास्तविक आत्मा को अनुभव किया जा सकेगा।
आयोजन में छत्तीसगढ़ के विविध अंचलों से आए लोक कलाकारों द्वारा गेड़ी नृत्य, राउत नाचा आदि लोकनृत्यों की प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। सावन की फुहारों के बीच सावन झूला और सवनाही रामायण पाठ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होंगे। यह कार्यक्रम ना केवल एक सांस्कृतिक आयोजन होगा, बल्कि यह प्रदेश की लोकभावना और पारंपरिक धरोहर का जीवंत उत्सव भी होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस आयोजन में शामिल होकर कृषि यंत्रों एवं औजारों की पूजा करेंगे, जो हरेली पर्व की मुख्य परंपरा रही है। पारंपरिक से लेकर आधुनिक यंत्रों की एक विस्तृत प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की कृषि परंपराओं और यांत्रिकी प्रगति से परिचय मिलेगा।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए परंपरागत खेल और लोककला प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही हैं। हरेली तिहार को इस बार केवल एक त्योहार नहीं बल्कि पर्यावरण, परंपरा और प्रगति के मिलन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
Trending
- डिप्टी सीएम अरुण साव ने अपने मित्रों के बीच गृहनगर में मनाया जन्मदिन
- उपमुख्यमंत्री अरुण साव के करकमलों से ‘भास्कर पथ’ के प्रथम संस्करण का भव्य विमोचन
- अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा: मुंगेली व लोरमी में 93.60 क्विंटल धान जब्त
- नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब बस्तर को स्वावलंबी बनाने की तैयारी
- आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक विवेचना और बेहतर समन्वय से सुदृढ़ होगी आपराधिक न्याय प्रणाली- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
- बाल विवाह के खिलाफ जन-जागरण, कल से निकलेगा ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’
- छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड की अवसर परीक्षाएं 14 दिसंबर से, समय-सारिणी जारी
- डीएमएफ फंड से स्थानीय विकास और जनकल्याण को दें प्राथमिकता- मुख्य सचिव विकासशील


