तेज रफ्तार, हेलमेट की लापरवाही और बर्बाद हुआ एक युवा जीवन
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे की एक्सीडेंट में मौत हो गई है। हादसा नवा रायपुर में हुआ है। निखिल कश्यप (22) की तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससे बाइक से वह नीचे गिरा और सिर फटने से उसकी मौके पर मौत हो गई।
मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे की है। जानकारी मिलते ही मंत्री केदार कश्यप ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।
मंदिर हसौद पुलिस के मुताबिक, तीन बाइक पर चार युवक सवार थे। निखिल कश्यप के साथ उसका एक दोस्त स्पोर्ट्स बाइक पर पीछे बैठा था। सभी रायपुर से सत्य साईं अस्पताल की ओर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर से 40 फीट दूर फेंकाया युवक
टक्कर से निखिल करीब 40 फीट दूर फेंका गया। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर ही खून बहने से निखिल की मौत हो गई। वहीं बाइक के पीछे में सवार दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। वहां मौजूद अन्य दोस्तों ने 112 को सूचना दी।
दोस्त अस्पताल में भर्ती, दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट
मौके पर पहुंची 112 ने निखिल के घायल दोस्त को पास के ही एक निजी अस्पताल पहुंचाया है। जहां युवक का इलाज जारी है। दूसरे युवक के भी सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। वहीं पुलिस ने निखिल की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।


