कलेक्टर ने युवाओं को मतदाता बनने के लिए किया प्रेरित, लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का दिया संदेश
कलेक्टर ने रंगोली एवं क्विज़ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को दिए प्रोत्साहन स्वरूप उपहार
खबर वर्ल्ड न्यूज-आशीष कंठले-बेमेतरा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन मे आज जिले के लक्ष्मण प्रसाद वैद्य कन्या महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी का महत्व समझाते हुए प्रेरणास्पद संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि वोट देना केवल अधिकार नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है। युवा देश का भविष्य हैं और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में उनकी भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि जैसे ही कोई युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करता है, उसे मतदाता सूची में नाम जुड़वाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने यह भी अपील की कि छात्राएं स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर शर्मा ने कहा कि जब युवा जागरूक होता है, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है। हर वोट की कीमत होती है और हमें यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान से वंचित न रहे।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि विद्यार्थियों की उपस्थिति और दस्तावेजों की पूर्ति के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। उन्होंने बताया कि ’’कोई मतदाता न छूटे’’ इस संकल्प के साथ यह विशेष शिविर आयोजित किया गया है ताकि प्रत्येक युवा लोकतांत्रिक प्रणाली में भागीदारी निभा सके। मास्टर ट्रेनर सुनील झा ने बताया कि नामांकन की सुविधा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है, साथ ही विशेष कैंपों के माध्यम से प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। शिविर में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन फॉर्म-6 भरना अनिवार्य किया गया था। इसके लिए आधार कार्ड, 10वीं की अंकसूची, पासपोर्ट साइज फोटो तथा परिवार के किसी एक सदस्य का फोटो परिचय पत्र दस्तावेज साथ लाना आवश्यक बताया गया।
यह विशेष शिविर मे छात्राओं ने भी नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी छात्राओं को मतदान के महत्व को रचनात्मक ढंग से समझाया गया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक मतदाता की भूमिका लोकतंत्र के निर्माण में अहम होती है। आमजन को यह बताने का प्रयास किया कि मत देना केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। छात्राओं ने जीवंत अभिनय के माध्यम से मतदान न करने के दुष्परिणामों को भी दर्शाया।
शिविर के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को लोकतंत्र को मजबूत बनाने एवं जागरूक नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे जिम्मेदार नागरिक बनकर मतदान अवश्य करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा चित्रकला एवं रंगोली प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका अवलोकन कलेक्टर रणबीर शर्मा ने किया। साथ ही मतदान से संबंधित एक क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के अंत में कलेक्टर रणबीर शर्मा द्वारा क्विज़ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं और रंगोली प्रदर्शनी में भाग लेने वाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप गिफ्ट प्रदान किए गए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें लोकतंत्र के सजग प्रहरी बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एडीएम डॉ. अनिल वाजपेयी, एसडीएम प्रकाश भारद्वाज, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को विशेष शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाएँ और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएँ। यह विशेष शिविर जिला प्रशासन का एक अभिनव प्रयास है, जो युवाओं को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।


