खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सोमवार को रायपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘जवान, किसान, संविधान जनसभा’ में शामिल होने के लिए आए खरगे का यह दौरा सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार के खिलाफ रणनीतिक अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
* बघेल ने किया स्वागत, पोस्ट में कही बात
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने X (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर लिखा—
“आज रायपुर एयरपोर्ट पर ‘जवान, किसान, संविधान जनसभा’ को संबोधित करने पधारे हमारे नेता, हमारे मार्गदर्शक, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी का स्वागत किया।”
* बारिश बनी बाधा, फिर भी उमड़ा जनसैलाब
रायपुर में सुबह से हो रही झमाझम बारिश ने कार्यक्रम की तैयारियों पर असर डाला। कार्यक्रम स्थल पर बने डोम में पानी भरने से कई स्थानों पर छत से पानी टपकने लगा, जिससे कार्यकर्ताओं को असुविधा हुई। लेकिन बारिश थमने के बाद धीरे-धीरे लोगों की भीड़ बढ़ती गई और हजारों कार्यकर्ता मैदान में जुटे।


