खबर वर्ल्ड न्यूज – कवर्धा। कवर्धा के कलेक्टर गोपाल वर्मा अब सरकारी कर्मचारियों की लेटलतीफी और लापरवाही पर पूरी तरह सख्त हो गए हैं। गुरुवार सुबह, उन्होंने जिले के शासकीय कार्यालयों का अचानक निरीक्षण शुरू किया और सबसे पहले जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी ड्यूटी टाइम के बाद भी अनुपस्थित पाए गए।
स्थिति को देखते हुए कलेक्टर खुद कार्यालय के मुख्य द्वार पर कुर्सी लगाकर बैठ गए और जैसे ही देर से आने वाले कर्मचारी आने लगे, उन्हें वहीं रोक लिया गया।
कुछ कर्मचारी शर्म से सिर झुकाए नजर आए, तो कुछ ने कान पकड़कर माफी मांगी और भविष्य में समय पालन की शपथ ली। कलेक्टर वर्मा ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा,
“अब सभी शासकीय कार्यालयों में अकस्मात निरीक्षण चलता रहेगा। जो कर्मचारी लापरवाही करेंगे, उनके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी- कलेक्टर गोपाल वर्मा
यह कार्रवाई संदेश देती है कि सरकारी दफ्तरों में अनुशासनहीनता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता के हित में समय पर सेवाएं देना अधिकारियों की जिम्मेदारी है, और इसमें किसी भी तरह की कोताही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर का यह एक्शन लोगों में चर्चा का विषय बन गया है, और कर्मचारी वर्ग में हड़कंप मचा हुआ है।


