खबर वर्ल्ड न्यूज – सूरजपुर।महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर के पंच मंदिर वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और शासकीय प्राथमिक शाला का शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वच्छता और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
मंत्री राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार की गुणवत्ता, टीकाकरण की स्थिति और पोषण ट्रैकर ऐप के उपयोग की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी की जाए और उन्हें उच्च गुणवत्ता वाला पोषण आहार समय पर उपलब्ध कराया जाए।
प्राथमिक शाला में निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों से पाठ्यक्रम संचालन, मध्याह्न भोजन व्यवस्था और पुस्तक वितरण की जानकारी ली। बच्चों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों को जाना। मंत्री ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “मजबूत बचपन ही सशक्त भविष्य की नींव रखता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार बाल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करें तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षकगण और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


