खबर वर्ल्ड न्यूज – सरगुजा।छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय आरव अग्रवाल और 7 वर्षीय अंश अग्रवाल के रूप में हुई है। यह हादसा केरजू पुलिस चौकी क्षेत्र में घटित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे मंगलवार देर शाम दोस्तों के साथ खेलने निकले थे। कुछ देर बाद वे पास ही स्थित तालाब में अपनी साइकिल धोने चले गए। इसी दौरान वे गहराई में चले गए और डूब गए। जब रात तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला।
आज सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने तालाब के पास देखा तो पानी में दोनों बच्चों के शव तैरते हुए मिले। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची केरजू पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर मर्ग कायम कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा पानी में फिसलने और तैरना नहीं आने के कारण डूबने का माना जा रहा है।
इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत ने माता-पिता और परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।


