खबर वर्ल्ड न्यूज–सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत जनपद पंचायत जैजैपुर के ग्राम पंचायत अकलसरा में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने छोटे भाई की टांगी से निर्मम हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत परशुराम शिकारी के नाम पर आवास स्वीकृत हुआ था। इसी को लेकर उनके तीन बेटे — धनीराम, मनीराम और समारू के बीच विवाद चल रहा था। धनीराम अपने पिता के नाम पर स्वीकृत आवास का निर्माण करना चाहता था, लेकिन मनीराम का इससे विरोध था।
गत रात्रि दोनों भाइयों के बीच घर के आंगन में विवाद हुआ, जो गाली-गलौज से शुरू होकर हिंसा में बदल गया। तैश में आकर धनीराम ने टांगी से मनीराम पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे मौके पर ही मनीराम की मौत हो गई।
हत्या के बाद धनीराम ने मृतक के शव को घर के परछी (बरामदे) में लाकर रख दिया। सुबह जब मनीराम की पत्नी और पुत्र ने शव देखा और शोर मचाया, तब ग्रामीणों को इस जघन्य वारदात की जानकारी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही बाराद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आरोपी धनीराम को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस इस पारिवारिक हत्याकांड की गहन जांच कर रही है।


