खबर वर्ल्ड न्यूज-दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के ज़िला दंतेवाड़ा के थाना गीदम अंर्तगत बीजापुर के सरहदी ग्राम नेलगोड़ा, एकेली और बेलनार क्षेत्रान्तर्गत नक्सल विरोधी अभियान पर सुरक्षा बल की डीआरजी की टीम रवाना हुई थी। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आज सुबह नौ बजे हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया गया। महिला नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है। मृत महिला नक्सली की शिनाख्त रेणुका उर्फ बानु उर्फ चैते उर्फ सरस्वती के रूप में हुई है, जो जिला वारंगल कडवेन्डी की निवासी थी। वह नक्सलियाें के डभ्केएसजेड की प्रेस टीम प्रभारी एवं एसजेडसीएम कैडर की 25 लाख ईनामी महिला नक्सली थी। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने इसकी पुष्टि की है।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि दंतेवाड़ा और बीजापुर के सरहदी के लिए सुबह नक्सल विरोधी अभियान पर सुरक्षाबलों की टीम रवाना हुई। सुबह लगभग 9 बजे जंगल में घात लगाकर बैठे नक्सलियाें ने सुरक्षाबलों के जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलाें ने एक महिला नक्सली काे ढेर कर दिया। सर्चिंग के दाैरान मारी गई महिला नक्सली के शव के साथ इंसास राइफल, गोला-बारूद और अन्य दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया है। फिलहाल सुरक्षाबलों के जवान इलाके की सर्चिग कर रहे हैं। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि मृत महिला नक्सली की शिनाख्त 25 लाख की ईनामी रेणुका उर्फ बानु उर्फ चैते उर्फ सरस्वती के रूप में हुई है। मुठभेड़ स्थल से अब तक एक इंसास राइफल, गोला बारूद के साथ अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद हुई है l उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में शामिल सभी जवान सुरक्षित हैं।

