2026 में पूरा छत्तीसगढ़ नक्सली मुक्त छग. के रूप में पहचाना जाएगा- विजय शर्मा
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिले में नक्सलियों के विरूद्ध सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बीजापुर में 18 और कांकेर में 4 नक्सलियों को सुरक्षा बलों के जवानों ने ढेर कर दिया है। नक्सलियों के विरूद्ध सुरक्षाबलों की इस कामयाबी काे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे बड़ी सफलता बताया है। गृह मंत्री ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि ‘नक्सलमुक्त भारत अभियान’ की दिशा में आज हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में हमारे सुरक्षा बलों के 2 अलग-अलग ऑपरेशन्स में 22 नक्सली मारे गए। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई रही है।अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 22 नक्सलियों के ढेर होने पर सुरक्षाबलों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे सुरक्षाबलों ने 22 नक्सलियों को मार गिराया है। उन्होंने कहा कि 2026 में पूरा छत्तीसगढ़ नक्सली मुक्त छत्तीसगढ़ के रूप में पहचाना जाएगा। बीजापुर नक्सली मुठभेड़ को लेकर छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सुरक्षाबलों को मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं कि उन्होंने 22 नक्सलियों को मार गिराया है। उन्हाेने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य गृह मंत्री विजय शर्मा लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं, हमारे जवानों के हौसले बढ़े हुए हैं। नक्सली बैकफुट पर हैं और आने वाले समय में पूरा हमारा क्षेत्र नक्सल मुक्त राज्य के रूप में स्थापित होगा।

