खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को जगदलपुर के पीजी कॉलेज हॉस्टल मैदान में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में शामिल हुए। उन्होंने 356 करोड़ 44 लाख रूपए लागत के 288 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के जयकारे के साथ अपने सम्बोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि विगत 13 दिसंबर को हमारी सरकार का एक साल पूरा हुआ है, हमने इसे जनादेश परब के रूप में मनाया। आप सभी को याद है कि चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ की जनता से मोदी की गारंटी के रूप में हमने जो वादा किया था उसका हर वादा हम निभा रहे हैं। उन्हाेने कहा कि हमारी सरकार किसान भाइयों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ और 3100 रूपए प्रति क्विंटल में धान खरीद रही है। श्रद्धेय अटल जी की जयंती के दिन सुशासन दिवस पर गारंटी के अनुरूप हमने किसानों को दो साल का बकाया धान बोनस का भुगतान भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बारिश अच्छी होने के साथ ही फसल भी अच्छी हुई है, उम्मीद है कि इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदेंगे। श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना में भी हम प्रदेश की 70 लाख से ज्यादा माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपए भुगतान कर रहे हैं। श्री साय ने कहा कि शहर और गांवों का विकास अनवरत हो रहा है। पूरे प्रदेश में एक साल के अन्दर शहरी क्षेत्र के विकास के लिए 7 हजार करोड़ रूपए जारी किया जा चुका है, इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों और वनांचलों में तेजी से विकास के कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमने नक्सल प्रभावित और पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए नियद नेल्लानार योजना की शुरुआत की, जिसमें सुरक्षा कैम्पों के 5 किलोमीटर की परिधि में स्थित गांवों में सरकार की 17 विभागों के 53 कल्याणकारी योजनाओं और 28 सामुदायिक सुविधाओं के तहत मूलभूत सुविधाओं का विकास तेजी से सुनिश्चित कर रहे हैं। तेंदूपत्ता जिसे हरा सोना कहते हैं, गारंटी के मुताबिक हमने उसके संग्रहण दर में भी बढ़ोतरी कर दी है, पहले के मुकाबले अब संग्राहकों को 15 सौ रूपए प्रति मानक बोरा ज्यादा राशि मिल रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार श्रीरामलला दर्शन योजना का शुभारंभ कर प्रदेश के श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए भेज रहीे है। शिक्षा के क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है, पीएमश्री स्कूल योजना में 341 स्कूलों का विकास हो रहा है, वहां आधुनिक शिक्षा के अनुकूल व्यवस्था कर रहे हैं। डॉक्टर बनने की इच्छा रखने वाले हमारे युवाओं की हित में हमने एमबीबीएस की पढ़ाई हिन्दी माध्यम में करवाने का निर्णय लिया है। प्रदेश में शिक्षा को आगे बढ़ाने राष्ट्रीय शिक्षा नीति भी लागू कर दी है, आज प्रदेश के स्कूलों में 18 स्थानीय भाषा में पढ़ाई हो रही है। बस्तर में बच्चे हल्बी एवं गोंडी बोली में पढ़ाई कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगामी दिनों में बस्तर की तरक्की और उन्नति के लिए अपनी कटिबद्धता दुहराते हुए बस्तर की जनता के हितों के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा एक साल में छत्तीसगढ़ के गांव-गांव, गली-गली में लोग एक ही बात कहते हैं कि विष्णु देव साय की सरकार सांय-सांय विकास कर रही है, गांव-गांव में बदलाव हो रहा है। श्री साव ने नगर पंचायत बस्तर में अमृत मिशन योजनांतर्गत घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए 50 करोड़ रूपए देने की घोषणा की।
इस मौके पर वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विष्णुदेव साय की सरकार में गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है। प्रदेश भर में नये-नये लोकार्पण और भूमिपूजन के कार्य हो रहे हैं। आज केंद्र में प्रधानमंत्री श्री मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री साय की डबल इंजन की सरकार है, जिससे विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में तेंदूपत्ता हरा सोना है, अब हमारी सरकार 55 सौ रूपए प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता खरीद रही है और 67 से ज्यादा प्रकार के वनोपज का क्रय किया जा रहा है।
इस दौरान खेल एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि 350 करोड़ रूपए से ज्यादा का भूमिपूजन एवं लोकार्पण हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में “हमने बनाया है हम ही संवारेंगे” ध्येय वाक्य की तर्ज पर प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।
इस अवसर पर जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और बस्तर सांसद महेश कश्यप ने भी समारोह को सम्बोधित करते हुए सरकार के विकास के प्रति सजग भूमिका को रेखांकित किया। आरंभ में कलेक्टर हरिस एस ने स्वागत उद्बोधन देते हुए जिले की विकास गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। इस अवसर पर सांसद कांकेर भोजराज नाग, विधायक द्वय विनायक गोयल एवं चैतराम अटामी सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधी और पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी, कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई तथा जिला प्रशासन के अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
Trending
- 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का भव्य शुभारंभ
- अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में उतरने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को तीन लाख रुपए तक की सहायता
- देवेंद्र यादव की राष्ट्रीय सचिव पद से विदाई, मनीष बंछोर की तीखी पोस्ट से सियासी पारा हाई
- चक्रवात से प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- मुख्यमंत्री साय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर व्यक्त किया गहरा शोक
- छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती
- नर्सिंग की रिक्त सीटों के लिए दूसरे और तीसरे चरण की संयुक्त काउंसिलिंग
- पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का परचम: राष्ट्रीय स्तर पर जीते 5 बड़े पुरस्कार, ‘फास्टेस्ट मूवर्स’ श्रेणी में देश में अव्वल

