खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में कॉफी उत्पादन करके यहां के किसानों को संपन्न बनाने का जो सपना दिखाया गया था, वह पूरी तरह धराशायी हो गया है। पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार में बस्तर में कॉफी उत्पादन की बड़ी योजना तैयार की गई थी। जिसमें डीएमएफ और मनरेगा के साथ नीति आयोग का लगभग 20 करोड़ रुपया लगा दिया गया। लेकिन आलम यह है कि किसानों की जमीनों पर तैयार की गई नर्सरी के 5 लाख पौधे सूख गए हैं, और योजना पूरी तरह विफल हो गई है। खास बात यह है कि करोड़ों की यह योजना वैज्ञानिकों की सलाह को दरकिनार करते हुए तैयार की गई थी, जिसका इसका दुष्परिणाम हमारे सामने है। बस्तर के तत्कालीन अधिकारियाें ने कॉफी के नाम पर डीएमएफ फंड का बड़ा खेल कर दिया इससे अधिकारियों की तिजोरी में ताे हरियाली छाई लेकिन किसानाें के खेत सुख गये। तत्कालीन प्रशासन का मानना था किदरभा जैसे इलाके में यदि विकास की गंगा बहेगी तो तय है कि इलाके की तस्वीर बदल जाएगी। इससे क्षेत्र से आदिवासियों का पलायन रुकेगा, जंगल बचे रहेंगे और आदिवासियों को आय के साधन मिलेंगे। काफी प्लांटेशन से करीब 100 परिवारों को रोजगार मिलेगा और तीन साल बाद प्रति एकड़ 45 से 50 हजार रुपये की आय होगी ।
विदित हाे कि बस्तर में कॉफी उगाने की योजना जब शुरुआती दौर में थी तब केंद्रीय कॉफी बोर्ड बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने स्पष्ट तौर सलाह दी थी कि बस्तर की जमीन और जलवायु कॉफी के बड़े पैमाने पर खेती के लिए उपयुक्त नहीं है। तब के अधिकारियों ने इस सलाह को दरकिनार कर बस्तर कॉफी की योजना तैयार कर ली और इतना तक कह दिया कि अब यहां उत्पादित होने वाली कॉफी को विदेशों तक भेजा जाएगा। इतना ही नही बस्तर काॅफी के नाम पर इसकी ब्रंडिंग भी कर दी गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस्तर के दरभा इलाके में उद्यानिकी महाविद्यालय के एक छोटे से भूभाग में इसकी नर्सरी तैयार करके यह बताया गया कि यहां कॉफी की अच्छी पैदावार हो सकती है। इसके बाद डीएमएफ, मनरेगा और नीति आयोग से लगभग 20 करोड़ रूपये जोड़कर खर्च करने का ताना-बाना तैयार किया गया। सरकार के समक्ष इसकी जो योजना तैयार की गई उसमें बताया गया कि ग्रामीणों को वन अधिकार के तहत जिन जमीनों का पट्टा दिया गया है, उसी जमीन पर नर्सरी तैयार की जाएगी। इसके बाद दरभा इलाके के 80 किसानों की 120 एकड़ जमीन पर कॉफी के पौधों की नर्सरी लगाई गई। किसानों को भी सब्जबाग दिखाया गया कि कॉफी का उत्पादन होगा तो वे भी लखपति बनेंगे।
दरभा के जिस इलाके में नर्सरी लगाईं गई वहां जमीन काफी पथरीली है, इस वजह से यहां खोदे गए बोर फेल हो गए। इसका नतीजा यह निकला कि सैकड़ों एकड़ वाले इस भूभाग में लगाई गई नर्सरी में बाल्टी में पानी भर-भर कर पौधों को सींचा गया। अच्छी तरह सिंचाई नहीं होने और मौसम अनुकूल नहीं होने के चलते कॉफी के पौधे सूखते चले गए और आज की स्थिति में यहां लगाए गए साढ़े 5 लाख पौधे पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। कॉफी नर्सरी के लिए यहां जिन किसानों की जमीन ली गई वे अब पछता रहे हैं। उनका कहना है कि अगर वे अपनी जमीन पर दूसरी खेती करते तो उन्हें फायदा होता, मगर उन्हें सब्जबाग दिखाकर अधिकारियाें ने केवल नुकसान पहुंचाने का काम किया है।
Trending
- नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा
- जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की दिखी अनुपम झलक
- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता का संदेश देगी राष्ट्रीय कार्यशाला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री होंगे शामिल
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी नीति, फसल रकबा और मतदाता सूची के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा

