खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। रियासत कालीन बस्तर दशहरा पर्व के अंतर्गत ग्राम सरगीपाल में आज गुरूवार काे बेल पूजा विधान संपन्न किया गया। परम्परानुसार बस्तर राजपरिवार, कमलचंद्र भंजदेव, कुमार जयदेव, राजगुरु नवीन ठाकुर व मांझी-चालकी गाजे-बाजे के साथ ग्राम सरगीपाल पहुंचकर परंपरानुसार बेल वृक्ष की पूजा संपन्न कर देवी स्वरूपा जुड़वा बेल तोड़कर दंतेश्वरी मंदिर में स्थपित किया गया। बस्तर दशहरा पर्व के रियासत कलीन परम्परा के अनुसार सप्तमी के दिन बेल पूजा किया जाता है। इसके एक दिन पूर्व बुधवार रात्री में सरगीपाल स्थित बेल देवी को राज परिवार के सदस्य, दंतेश्वर मंदिर के प्रधान पुजारी एवं राजगुरू के द्वारा विधिवत बेल न्यौता रस्म में जुड़वा बेल की पहचान कर नारियल-सुपारी बांधकर बेल न्यौता दिया गया था। आज गुरूवार काे दंतेश्वरी मंदिर के प्रधान पुजारी प्रेम पाढी द्वारा विधिवत पूजा संपन्न कराया गया। राजपरिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव ने बेल पूजा के दौरान वर्षों से चली आ रही परम्परा के अनुसार बेल देवी को सोलह श्रृंगार भेंट किया गया। इस दौरान यहां दो बकरो की बलि दी गई। पूजा के बाद बेल न्यौता रस्म के दौरान चिन्हित जुड़वा बेल को तोड़ा गया। इस अवसर पर ग्रामीण बेल देवी को कन्या स्वरूप मानकर इसकी विदाई के रूप में हल्दी खेला गया। विदाई से पहले जुड़वा बेल राजपरिवार के सदस्य को दंतेश्वरी मंदिर में स्थपित करने के लिए भेंट किया गया।
बस्तर राज परिवार के कुमार जयदेव ने बताया कि यह रस्म विवाह उत्सव से संबंधित है, उन्होंने बताया कि बस्तर के चालुक्य वंश के राजा सर्गीपाल गांव के पास केजंगलो में शिकार करने गए थे, और वहां इस बेल वृक्ष के नीचे खड़ी दो सुंदर कन्याओं को देख राजा ने उनसे विवाह की इच्छा प्रकट की, जिस पर कन्याओं ने उनसे बारात लेकर आने को कहा, अगले दिन जब राजा बारात लेकर वहां पहुंचे तो दोनों कन्याओं ने उन्हें बताया कि वे उनके इष्ट देवी माणीकेश्वरी और दंतेश्वरी हैं, उन्होंने हंसी ठिठोली में राजा को बारात लाने को कह दिया था, इस वाकये से शर्मिंदा राजा ने दंडवत होकर अज्ञानता वश किए गए अपने व्यवहार के लिए क्षमा मांगते हुए उन्हें दशहरा पर्व में शामिल होने का न्योता दिया, और तब से यह विधान संपन्न की जा रही है।
ग्राम सरगीपाल के जूनापारा निवासी महादेव गदबा के आंगन वर्षों से खड़े बेल वृक्ष की पूजा अर्चना की गई। माना जाता है कि यहीं पर देवियों ने तत्कालीन बस्तर महाराजा को दर्शन दी थीं। इस पूजा विधान को बेल जात्रा कहा जाता है।
मां दंतेश्वरी मंदिर के प्रधान पुजारी कृष्ण कुमार पाढ़ी बताते हैं कि नवरात्र सप्तमी के दिन बेल पूजा का विशेष महत्व है। बेल फलों को देवी लक्ष्मी और सरस्वती का प्रतीक मानकर दंतेश्वरी मंदिर लाया जाता है। यह परंपरा शताब्दियाें से जारी है। इसलिए पूजा विधान के अनुरूप राज परिवार के सदस्य ही सरगीपाल स्थित नियत बेल वृक्ष से जोड़ा बेल फलों को तोड़कर दंतेश्वरी मंदिर लाते हैं। उन्होने बताया कि बेल पूजा विधान के तहत यह निहित है कि बेल वृक्ष औषधीय है। पूजा विधान के माध्यम से जन सामान्यको अपनी कीमती वन औषधियों को बचाने का संदेश दिया जाता है।
Trending
- मुख्यमंत्री सेवा सेतु बना सहारा: नाम परिवर्तन की प्रक्रिया हुई आसान, छात्रा की जेईई परीक्षा की राह हुई सुगम
- ऑनलाइन टोकन सुविधा से महिला किसानों को भी मिल रही सहूलियत, धान खरीदी बनी आसान
- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से कंचन तिवारी को मिला आर्थिक संबल, मातृत्व के सफर में बनी मददगार
- ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 85 किलो गांजे समेत 71.67 लाख रुपये का माल जब्त; महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
- इलाज की चिंता से मुक्ति: छत्तीसगढ़ में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सुरक्षा कवच बनी आयुष्मान योजना
- जल जीवन मिशन ने बदली पहाड़ी गांव गहन्दर की तस्वीर, पानी जुटाने की जद्दोजहद से मिली मुक्ति
- उड़ीसा में सक्रिय दो इनामी माओवादियों ने बीजापुर पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण
- बड़ेपल्ली के जंगल में माओवादी डम्प से 39 लाख 77 हजार रुपये नगद बरामद

