नशा मुक्त समाज आंदोलन- अभियान कौशल का’ के अंतर्गत पदयात्रा
खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। गुरू घासीदास विश्वविद्यालय (केन्द्रीय विश्वविद्यालय) नैक से ए++ ग्रेड प्राप्त विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि युवा राष्ट्र प्रेम और परिश्रम का नशा कर अपने जीवन को सार्थक बनायें। यह वक्तव्य उन्होंने विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के अंतर्गत ‘नशा मुक्त समाज आंदोलन- अभियान कौशल का’ पर आयोजित नशा मुक्त पदयात्रा के अवसर पर कही।
कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में संघर्ष एवं कठोर तप करके पाई गई सफलता स्थाई होती है तथा आनंद देने वाली और कल्याणकारी होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी सफल व्यक्ति की सफलता हमें भौतिक तौर पर दिखाई देती है परंतु उसके पीछे किये गये अथक प्रयास हमारी दृष्टि में नहीं आ पाते। हमारे भीतर राष्ट्र को प्रगति पथ पर अग्रसर करने की भक्ति का नशा होना चाहिए तथा भारत को सद्भावना और शांति के प्रतीक के रूप में विश्व गुरु बनाने का नशा होना चाहिए।
दिनांक 09 अगस्त, 2024 को सायं 4 बजे नशा मुक्त पदयात्रा का आयोजन बाबा गुरु घासीदस जी की प्रतिमा स्थल से रजत जयंती सभागार तक किया गया। स्वागत भाषण अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. शैलेन्द्र कुमार ने दिया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. ए.एस. रणदिवे ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रिंसी मतलानी एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दिलीप झा ने किया। ‘नशा मुक्त समाज आंदोलन- अभियान कौशल का’ के राष्ट्रीय संयोजक श्री अक्षत कांत हैं। नशे के खिलाफ नारे लगाते हुए विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, एनसीसी के कैडेट, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं स्वयंसेवकों ने पदयात्रा में हिस्सा लिया।

