खबर वर्ल्ड न्यूज-गरियाबंद। पारंपरिक कारीगरों को प्रोत्साहित करने एवं उनका कौशल विकास करने के उद्देश्य से केन्द्र शासन द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना संचालित किया जा रहा है। इस योजनान्तर्गत लाईवलीहुड कॉलेज गरियाबंद में पंजीकृत कोर्स टेलर (दर्जी), ट्रेडिशनल बास्केट मेकर, सहायक नाई-सैलून सर्विसेस में पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लाईवलीहुड कॉलेज में टेलर दर्जी कोर्स में 86 पंजीकृत हितग्राहियों को आधारभूत कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। वर्तमान में कोर्स सहायक नाई-सैलून सेवाएं में आधारभूत प्रशिक्षण 10 अगस्त तक संचालित किया जा रहा है। इस दौरान प्रशिक्षणरत 26 प्रशिक्षणार्थियों को स्टडी मटेरियल भी प्रदान किया गया है। जिससे प्रशिक्षुओं को बेहतर कौशल विकास की जानकारी मिल सकेगी।
लाईवलीहुड कॉलेज की सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती सृष्टि मिश्रा द्वारा बताया गया कि जिले के हितग्राहियों में उक्त योजनाओं का लाभ लेने हेतु काफी उत्साह देखा जा रहा है। उक्त प्रशिक्षण के साथ-साथ हितग्राहियों को छात्रवृत्ति, टूलकिट, ऋण सुविधा एवं मार्केटिंग सुविधा का भी लाभ इस योजनान्तर्गत मिल रही है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा की विस्तृत लाभ एवं जानकारी हेतु हितग्राही अपने नजदीकी लोकसेवा केन्द्र एवं लाईवलीहुड कॉलेज गरियाबंद में संपर्क कर सकते हैं।

