सीयू में 02-10 अगस्त तक बैडमिंटन अमृत महोत्सव का आयोजन
खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। गुरू घासीदास विश्वविद्यालय (केन्द्रीय विश्वविद्यालय) नैक से ए++ ग्रेड प्राप्त विश्वविद्यालय में दिनांक 02 अगस्त, 2024 को सायं 05 बजे योग एवं ध्यान केन्द्र में हेल्दी यूनिवर्सिटी मिशन के अंतर्गत गुरु घासीदास विश्वविद्यालय बैडमिंटन अमृत महोत्सव (जी-बीएएम) का आयोजन किया गया।
शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने इस आयोजन के लिए शारीरिक शिक्षा विभाग को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि जीवन में स्वस्थ रहने के लिए नियमित खेलना आवश्यक है। प्रतिदिन एक घंटा शारीरिक अभ्यास करने से स्वस्थ जीवन में तीन घंटे की वृद्धि होती है।
कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल ने कहा कि खेल जीवन में बुनियादी परिवर्तन लाता है जिससे व्यक्ति में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन हम सभी के घरों में, सभी आयु वर्ग के बीच खेला जाने वाला लोकप्रिय खेल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में जीजीवी प्रो-बैडमिंटन लीग का आयोजन होगा जिससे ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे।
इससे पूर्व कार्यक्रम की संयोजिका शारीरिक शिक्षा विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. शालिनी मेनन ने प्रतियोगिता के विषय में विस्तार से जानकारी दी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. ए.एस. रणदिवे ने अपने विचार रखे। डॉ. पंकजा पांडे ने कार्यक्रम का संचालन किया। अतिथियों द्वारा जीजीवी एचयूएम की टी-शर्ट का विमोचन किया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. संजीत सरदार एवं अन्य प्रतिभागी खिलाड़ियों के साथ छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

