इंस्टॉलेशन के कुछ दिनों बाद ही लिफ्ट में आयी खराबी, सुधार के लिए कंपनी ने थमा दिया हजारों का कोटेशन
शोरूम के संचालक ने अब उपभोक्ता फोरम में वाद दायर कर लगायी न्याय की गुहार
खबर वर्ल्ड न्यूज रमेश अग्रवाल- रायगढ़। ओटिस इलेवेटर कंपनी लिमिटेड मुम्बई से 13 लाख 20 हजार रूपये का लिफ्ट खरीदकर रायगढ़ के बालाजी ट्रेडर्स के संचालक किशोर बंसल बुरी तरह से फंस गये। एक तो उन्होंने लिफ्ट की पूरी राशि का भुगतान किया उपर से सालाना मेंटेनेंस के नाम पर 35 हजार 4 सौ रूपये भी दे दिये मगर इंस्टॉलेशन के कुछ महीने में ही लिफ्ट खराब हो गई। हद तो तब हो गई जब इसके सुधार के लिए उन्होंने कंपनी के रिजनल ब्रांच रायपुर में संपर्क किया गया तो कंपनी के अधिकारी ने लिफ्ट सुधार के लिए उल्टे उन्हें 62 हजार रूपये का कोटेशन थमा दिया।
किशोर बंसल ने इसकी कंपनी के मुंबई स्थित मेन ब्रांच में भी शिकायत की मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में परेशान होकर बालाजी ट्रेडर्स शोरूम के संचालक ने ओटिस इलेवेटर कंपनी लिमिटेड मुम्बई और रायपुर स्थित उनके रिजनल ब्रांच के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में वाद दायर किया है और न्याय की गुहार लगायी है।

