खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र अंर्तगत ग्राम इरिकपाल में जमीन विवाद के चलते 2 परिवार में खूनी संघर्ष में एक परिवार के लोगों ने दूसरे परिवार के 2 सगे भाइयों योगेश और चंद्रशेखर को कुल्हाड़ी से काट डाला है। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई है। हत्या की सूचना पर बस्तर एसपी शलभ सिंन्हा सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान घटना स्थल पर पहुंचकर एक आरोपी चैन सिंह गागड़े को गिरफ्तार कर लिया गया है, मामले की जांच जारी है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसारग्राम इरिकपाल निवासी युवक योगेश के परिवार का गांव के ही एक दूसरे परिवार के साथ पिछले कई सालों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों परिवारों के बीच आए दिन मारपीट लड़ाई-झगड़ा हुआ करता था। वहीं आज मंगलवार 11 जून को भी दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया। दूसरे पक्ष के लोग योगेश के घर पहुंच गए, विवाद इतना बढ़ गया कि घरवालों पर हमला कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने योगेश समेत उसके एक भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। गांव में और बवाल न हो इसलिए बड़ी संख्या में जवानों को गांव में तैनात किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इरिकपाल में हुए हत्या का कारण 5 एकड़ जमीन बताया जा रहा है, 13 से 14 लोगों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया। मरने वालों में बड़ा भाई योगेश और छोटा भाई चंद्रशेखर है। दोपहर को दोनों भाई अपने खेत मे काम कर रहे थे उसी दौरान धारदार हथियार से हाथ, पैर, सिर, गले मे हुए हमले से मौके पर ही दोनों भाइयों की हुई मौत। योगेश शादीशुदा है, साथ ही एक बच्चा भी है, जबकि चंद्रशेखर अविवाहित बताया जा रहा है। हत्या का मुख्य आरोपी चैन सिंह गागड़े पुलिस की हिरासत में है वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बस्तर एसपी शलभ सिंह ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच हुए विवाद के दौरान दो लोगों की हत्या हुई है। कुल्हाड़ी समेत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य 5 से 6 लोगों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ा जाएगा।

