खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। आत्मानंद उत्कृष्ट स्कूलों में भर्ती के लिए प्रायः आवेदकों ने जो दस्तावेज लगाए थे, उसमें अंकसूचियां चौधरी चरण सिंह विवि मेरठ उत्तर प्रदेश की थीं। आवेदकों के अंक ज्यादा पर शंका हुई। अंकसूचियों का सत्यापन कराने विवि प्रबंधन से जानकारी मांगी गई तो तीन अंकसूचियां विवि की नहीं मिलीं। फर्जी अंकसूची पाये जाने से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तीन में से एक आरोपी शिवनाथ साहू पिता धर्मपाल साहू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।
कांकेर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आत्मानंद विद्यालयों में निकली वेकेंसी के लिए देवी प्रसाद साहू बरछा विकासखंड पथरिया जिला मुंगेली कांकेर जिले के कोड़ेकुर्से स्कूल व नारायण प्रसाद प्रधान निवासी रिसोरा तहसील बरमकेला बिलाईगढ़ आमाबेड़ा स्कूल के लिए चयनित हुए थे। वहीं शिवनाथ साहू निवासी केशवनगर जिला सूरजपुर ने भी आवेदन किया था। तीनों ने चौधरी चरण सिंह विवि की अंकसूचियां लगाई थी। तीनों से फर्जी अंकसूची के संबंध में जवाब मांगा गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। उपरोक्त तीन आरोपितों में से एक शिवनाथ साहू पिता धर्मपाल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जब कि दो आरोपित फरार हैं।

