खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बस्तर संभाग के दो लोकसभा सीट कांकेर अैर बस्तर में भाजपा बढ़त बनाये हुए है। बस्तर लोकसभा सीट में कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा से भाजपा के प्रत्याशी महेश कश्यप 52838 मतों से आगे चल रहे हैं, इनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। वन मंत्री केदर कश्यप ने महेश कश्यप को जीत के लिए बधाई दी है, इसके साथ ही बधाई का दौर शुरू हो गया है। वहीं कांकेर लोकसभा सीट में कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर से भाजपा के प्रत्याशी भोजराज नाग मात्र 5709 मतों से आगे चल रहे हैं, दोनो के मध्य कांटे की टक्कर जारी है।
बस्तर लोकसभा सीट की 08 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। बस्तर, चित्रकोट और जगदलपुर इन तीन विधानसभा के मत पेटियों की गिनती जगदलपुर में हो रही है, जबकि नारायणपुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और कोंटा (सुकमा) की उसी जिले के जिला मुख्यालय में गिनती हो रही है।
वहीं कांकेर लोकसभा सीट के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज नाथिया नवागांव में मतगणना जारी है। कांकेर लोकसभा में 04 जिले के 08 विधानसभा क्षेत्र शामिल है। जिसमें कांकेर जिले की तीनों विधानसभा अंतागढ़, कांकेर और भानुप्रतापपुर। बालोद जिले की तीन विधानसभा संजारी बालोद, गुण्डरदेही और डौंडी लोहारा सीट शामिल है। वहीं कोंडागांव जिले की केशकाल और धमतरी जिले की नगरी सिहावा विधानसभा सीट शामिल है।

