खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। भगवान बुद्ध की 2538वीं जयंती राजधानी में श्रद्धा उल्लास से मनाई जाएगी। इस अवसर पर महाकोशल कला वीथिका में बुद्ध पर आधारित चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। महाकोशल कला परिषद एवं लायंस क्लब रायपुर फ्रेंड्स के संयुक्त तत्वावधान में महाकोशल कला वीथिका में बुद्ध पर राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का उद्घाटन डा केके शर्मा एवं सुमनेश कुमार वत्स करेंगे।
कला प्रदर्शनी में देश के वरिष्ठ, युवा, बाल, महिला कलाकारों की लगभग 54 रचना प्रदर्शित की जाएगी। कला प्रदर्शनी शनिवार को शाम साढ़े पांच से सात बजे तक और रविवार को सुबह नौ से 11 बजे तक दर्शकों के अवलोकनार्थ निश्शुल्क खुली रहेगी।
कला प्रदर्शनी में वरिष्ठ युवा महिला एवं बाल कलाकारों की जल, पेस्टल, स्याही, चारकोल, तैल रंग, एक्रिलिक, मिक्स मीडिया, कम्प्यूटर ग्राफिक, कोलाज, रंगोली, वुडकट, लिनोकट से बनाए गए चित्र में गौतम बुद्ध के जीवन के विविध पहलुओं को चित्रित किया गया है। साथ ही ड्राइंग, कोलाज, लोकरंग, फोटोग्राफ, कम्प्यूटर ग्राफिक रचनाएं भी प्रदर्शनी में देखे जा सकेंगे।
इन कलाकारों ने बनाए चित्र
प्रदर्शनी में वरिष्ठ कलाकार कल्याण प्रसाद शर्मा, श्याम निनोरिया, डा प्रवीण कुमार शर्मा, शांभवी शर्मा, दिशा ठाकुर ,पवित्र नत्थानी, पिनाका नाग,माईनक भट्टाचार्य, साक्षी अकोला, पार्थ राय सागर, डा शिखर शर्मा, अंशुमन शर्मा, समवेद शर्मा, देवदत्त, अवतार सिंह भंगल, तरूण वंशपाल, मनीष महानंद आदि कलाकारों की रचनाएं प्रदर्शित की जाएगी। बुद्ध कला एवं शांति के प्रणेता विषय पर आधारित चित्र प्रदर्शनी में बुद्ध का शांति के लिए आह्वान, परस्पर वैमनस्यता का त्याग, भाईचारे के साथ जीवन जीना, आपसी कलह का अंत आदि उपदेशों को सार्थक करती रचनाओं से संदेश दिया जाएगा।

