खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंर्तगत नांदनमारा निवासी महिला चरणबती कोर्राम के घर से 09 लाख रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने महिला की बेटी सुरेखा मरकाम और उसके दो दोस्त को गिरफ्तार किया है। बेटी ने ही अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 08 लाख 14 हजार 500 रुपए बरामद किया है। चोरी में शामिल महिला की बेटी सुरेखा मरकाम सहित तीनों आरोपियों को आज रविवार को थाना कोतवाली में कार्यवाही उपरांत न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चरणबती कोर्राम ने बाइपास मार्ग में अपनी जमीन बेची थी, जिससे 12 लाख रुपए मिले थे। जिसमें से 03 लाख रुपए घर बनाने में खर्च हो गए और बाकी बचे 09 लाख रुपए घर की आलमारी में रखा हुआ था, 09 मई की रात किसी निजी काम से मां चरणबती कोर्राम कांकेर से बाहर गई थी। अगले दिन सुबह लौटने पर देखा कि आलमारी से रुपए गायब हैं। महिला के शिकायत पर पुलिस विवेचना के दौरान पता चला कि महिला की बेटी सुरेखा मरकाम पति स्व आत्माराम मरकाम निवासी मानिकपुर ने अपने दो दोस्तों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। महिला बेटी सुरेखा मरकाम ने पैसे की जरूरत होने पर उसकी मां से जमीन बेचकर मिले रुपए में से कुछ रुपयों की मांग की थी, पैसे देने से मना करने पर आरोपी बेटी सुरेखा मरकाम ने अपने अन्य दो दोस्त सोमारू पांडे और शीतल नायक उर्फ कांता के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने चोरी किए 09लाख रुपए आपस में बराबर 03-03 लाख रुपए बांट लिए थे।

