खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कोंडागांव। जिले से लगे पड़ोसी राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र में कोचिए ओडिशा का धान छत्तीसगढ़ के धान खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिश में लगे हैं। जिला प्रशासन ने ओडिशा से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों के धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए जांच नाका बनाए हैं। मंगलवार रात जांच नाका में उडऩदस्ता टीम को सूचना मिली थी कि बिंजौली की तरफ से एक गाड़ी आ रही है जिसमें भारी मात्रा में धान की बोरिया लदी हुई है। इस सूचना पर टीम पहुंची और वाहन क्रमांक सीजी 17 एच 2751 से 230 बोरी धान जब्त किया है।
वाहन के ड्राइवर फुलेश्वर कश्यप निवासी बिंजौली थाना अनंतपुर से धान के बारे में पूछने पर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। जिसके बाद धान मालिक को इसकी सूचना दी गई। धान मालिक चंद्रशेखर साहू निवासी बिंजौली ने बताया कि धान को छतोड़ी में खरीदा गया है, लेकिन धान खरीदी के संबंध में कोई दस्तावेज नहीं दिखाए गए। जिसके बाद माकड़ी खाद्य निरीक्षक हितेश मानिकपुरी ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 (1974 का 02) कि धारा 100 के तहत कार्रवाई कर धान और गाड़ी को पुलिस थाना अनंतपुर की अभिरक्षा में दिया गया। आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर के न्यायालय में प्रकरण पेश किया
जायेगा।

