फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर में प्रतिदिन होता है महत्वपूर्ण अभ्यास
खबर वर्ल्ड न्यूज-अजय शर्मा-जांजगीर-चांपा। सूर्यांश प्रांगण सूर्यांश विद्यापीठ सिवनी में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में विज्ञापित पदों पर भर्ती के लिए “मेगा पुलिस भर्ती पूर्व प्रशिक्षण एवं फिजिकल ट्रेनिंग शिविर का शुभारंभ 13 जनवरी से हो गया है जिसमें प्रतिदिन शारीरिक दक्षता के लिए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों निरंतर अभ्यास एवं लिखित परीक्षा के लिए मार्गदर्शन कक्षाओं में निरंतर मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों के द्वारा प्रतिभागियों को शारीरिक दक्षता के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर शारीरिक दक्षता हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रविवार को विशेष प्रशिक्षण के अंतर्गत संस्था के सभी प्रशिक्षको द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को 10 कि.मी. का रोड रनिंग करवाया गया है। इस अवसर पर विशेष अतिथि कोच के रूप में मुख्य अभ्यागत पुलिस अधिकारी श्री कमलेश कुमार, श्री राहुल सूर्यवंशी एवं श्री उमेश रत्नाकर के द्वारा विभिन्न ऑप्टिकल एवं रोड रनिंग की तैयारियों के बारे में बारीकी से जानकारी प्रदान किया गया।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने बताया कि सूर्यांश फिजिकल ट्रेनिंग अकादमी द्वारा शिविर में प्रशिक्षणार्थियों को ऊंची कूद, लंबी कूद एवं दौड़ सहित समस्त तरह के शारीरिक अभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षकों में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान में सम्मिलित हैं। लगातार चलने वाले निःशुल्क पुलिस भर्ती प्रशिक्षण में सहभागिता करने के इच्छुक अभ्यर्थी प्रांगण में उपस्थित होकर पंजीकरण करा शिविर का लाभ उठा सकते हैं।
ज्ञात हो कि सूर्यांश कैरियर अकादमी, सूर्यांश विद्यापीठ सिवनी (नैला) द्वारा वर्ष भर राज्य सेवा परीक्षा, संघ लोक सेवा आयोग, व्यापम, रेल्वे, कर्मचारी चयन आयोग, इंजीनियरिंग, नीट, जे.ई. ई. सहित विभिन्न परीक्षाओं के लिए नि: शुल्क तैयारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।

