*प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान को किया नमन*
*लोरमी के कबीर भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, छात्राओं को छात्रवृत्ति से किया गया लाभान्वित*
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, लोरमी l जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और देश के स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्र निर्माण में जनजातीय महापुरुषों के अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से नगर पालिका लोरमी स्थित कबीर भवन में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की अनुपम झलक देखने को मिली। इस अवसर पर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए उनके सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, सभापति श्रीमती समुंद्र सिन्दराम, समाज प्रमुखगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, लोरमी एसडीएम मंडावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग शिव कुमार बांधे सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद रहे।
*जनजातीय महापुरुषों के बलिदान और योगदान को किया नमन*
मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज पूरे देश और प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। जनजातीय समाज का देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया। छत्तीसगढ़ के वीर सपूत शहीद वीर नारायण सिंह, गेंद सिंह, माता राजमोहनी देवी, जैसे महान योद्धाओं ने मातृभूमि की रक्षा और स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे महापुरुषों का त्याग, साहस और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक सड़क, आवास, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में भी निरंतर कार्य किया जा रहा है।
*जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका*
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जनजातीय समाज सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है। उनकी जीवनशैली, परंपराएं, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामुदायिक एकजुटता हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग हैं। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और परंपराओं को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
*वीर महापुरुषों के जीवन और बलिदान से प्रेरणा*
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह सहित जनजातीय समाज के महान वीरों के बलिदान और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों ने अपने साहस, संघर्ष और समर्पण से समाज एवं देश को नई दिशा दी। उनके गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को जानना तथा उनसे प्रेरणा लेना आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलता है।
*प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित*
जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जिले के विभिन्न छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों को स्कूल बैग प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान कर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित किया गया।


