धान, मक्का और साग-सब्जी की खेती को बनाया परिवार की समृद्धि का आधार
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। खेती-किसानी के प्रति लगन, मेहनत और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान किस तरह अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं, इसकी एक प्रेरक मिसाल बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के ग्राम कोयपाल निवासी किसान श्री सुकरू यादव हैं। सीमित कृषि भूमि होने के बावजूद उन्होंने फसल विविधीकरण और सिंचाई की बेहतर व्यवस्था के माध्यम से खेती को अपनी खुशहाली का मजबूत आधार बनाया है। आज खेती से होने वाली आमदनी से वे अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ ही अपनी तीन बेटियों की पढ़ाई पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं।
गुरुवार को किसान सुकरू यादव तोकापाल धान उपार्जन केन्द्र में अपना धान विक्रय करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वे 40 क्विंटल धान बेचने के लिए लाए हैं। धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग वे सहकारी समिति से लिए गए 70 हजार रुपये के फसल ऋण को चुकाने में करेंगे और घर की जरूरतों को पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के पास लगभग तीन एकड़ पैतृक कृषि भूमि है, जिसमें वे खरीफ सीजन में उन्नत तरीके से धान की खेती करते हैं।
सुकरू यादव ने खेती को केवल खरीफ सीजन तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि खेत में नलकूप स्थापित कर सिंचाई की सुविधा विकसित की है। इसके माध्यम से वे रबी सीजन में मक्का और विभिन्न प्रकार की साग-सब्जियों का उत्पादन करते हैं। साग-सब्जियों के विक्रय से उन्हें सीजन में लगभग एक लाख रुपये की आमदनी होती है, वहीं मक्का बेचकर लगभग दो लाख रुपये की राशि प्राप्त होती है। इसके अलावा खरीफ में उत्पादित धान के विक्रय और कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली सहायता से भी उन्हें आर्थिक संबल मिलता है।
सुकरू यादव ने राज्य शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत हाल ही में प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता राशि दिए जाने निर्णय को किसानों के हित में संवेदनशील और महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि शासन की यह आर्थिक सहायता किसानों को खेती-किसानी के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उनकी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है। उन्होंने किसानों के हित में इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।


