खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र से मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेटे ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही मां की हत्या कर दी और वारदात को सामान्य मौत बताकर छिपाने की कोशिश की। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद आरोपी ने परिजनों और आसपास के लोगों को भी इसकी भनक नहीं लगने दी। करीब तीन साल पुराने इस संदिग्ध मौत के मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, खमतराई थाना क्षेत्र में श्यामा गोस्वामी की मृत्यु के मामले में मर्ग क्रमांक 72/2023 दर्ज कर जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मृतिका के सिर पर चोट और गले में रस्सी के निशान से जुड़े तथ्य सामने आए थे। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की दोबारा गहन जांच की।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को घर लाना चाहता था। इसी बात को लेकर 5 जुलाई 2023 को उसका अपनी मां से विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार की ओर धक्का दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई। इसके बाद उसने कथित तौर पर सिलबट्टे के लोहे से सिर पर वार किया और फिर रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने के लिए मृतिका के सिर पर गमछा बांधा और माथे व सिर पर गुलाल लगा दिया। उसने अपनी बहनों और पुलिस को भी हत्या की जानकारी नहीं दी। आसपास के लोगों को मां की मृत्यु सामान्य कारणों से होने की बात बताई।
बाद में मृतिका की बेटी संगीता गोस्वामी ने अपनी मां की मौत पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने पुराने मर्ग से जुड़े तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का दोबारा परीक्षण किया। गवाहों और परिजनों से पूछताछ के बाद आरोपी की संलिप्तता सामने आई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी (44 वर्ष), पिता स्वर्गीय अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी, निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1240/2026 के तहत धारा 302 और 201 भादवि में मामला दर्ज कर 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई में थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Trending
- देवउठनी एकादशी पर कल संपूर्ण रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश; मंत्रालय से लेकर ग्रामीण दफ्तरों तक रहेगा बंद
- करीब साढ़े तीन साल बाद मां की हत्या का राज़ खुला, बेटा गिरफ्तार; सामान्य मौत का दिया था रूप
- मुख्य सचिव ने बस्तर संभाग के समग्र विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की
- मुख्य सचिव ने ई-ऑफिस एवं उपस्थिति रैंकिंग में हुए निरंतर सुधार पर अधिकारियों-कर्मचारियों को दी बधाई
- छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश का नया अध्याय, इंडस्ट्री डायलॉग में 1.07 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं से किया आत्मीय संवाद, सफलता के साथ अच्छे नागरिक बनने का दिया संदेश
- जनता के एक-एक रुपये का सही उपयोग सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और महानायकों को दिलाई नई पहचान : मंत्री ओ.पी. चौधरी


