*छत्तीसगढ़ में आकार ले रहा राष्ट्र निर्माण का संकल्प*
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – रायपुर l छत्तीसगढ़ प्रांत में वनवासी विकास समिति द्वारा संचालित छात्रावास जनजातीय समाज के बच्चों के लिए केवल रहने और पढ़ने का स्थान मात्र नहीं हैं, बल्कि यह शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्रीय एकात्मता के जीवंत केंद्र बन चुके हैं। दूरस्थ और अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास में ये छात्रावास महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग समेत विभिन्न क्षेत्रों में समिति द्वारा कुल 8 छात्रावास (5 बालक और 3 बालिका छात्रावास) सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। इन छात्रावासों में कुल 315 विद्यार्थी (180 बालक और 135 छात्राएँ) पूरी लगन के साथ अपनी शिक्षा और संस्कारों की नींव मजबूत कर रहे हैं।
*दूर-दराज के गाँवों तक शिक्षा का विस्तार*
समिति के ये छात्रावास छत्तीसगढ़ के अत्यंत पिछड़े और अंदरूनी गाँवों के बच्चों के लिए शिक्षा का बड़ा संबल बने हैं। इन संस्थानों का सामाजिक दायरा बहुत व्यापक है। बालक छात्रावासों में 85 गाँवों के विद्यार्थी निवासरत हैं। बालिका छात्रावासों में 80 गाँवों की छात्राएँ शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। अब तक इन छात्रावासों से शिक्षा प्राप्त कर चुके पूर्व छात्र-छात्राओं की कुल संख्या 2,887 है। बस्तर संभाग के लंजोड़ा, भानपुरी, बारसूर, बीजापुर, कुटरू और चित्रकोट जैसे जनजातीय क्षेत्रों में ये केंद्र शिक्षा की अलख जगा रहे हैं।
*सेवन सिस्टर्स हॉस्टल- रायपुर में पूर्वाेत्तर और छत्तीसगढ़ का अनूठा संगम*
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पूर्वाेत्तर भारत की जनजातीय छात्राओं के लिए एक विशेष छात्रावास संचालित किया जाता है, जिसे सेवन सिस्टर्स के नाम से भी जाना जाता है। वर्तमान में इस छात्रावास में मिजोरम, मेघालय, नागालैंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और त्रिपुराकृइन सातों राज्यों से आने वाली लगभग 40 छात्राएँ निवास करती हैं। यहाँ इन छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और राष्ट्रीय एकात्मता के गहरे संस्कार दिए जा रहे हैं।
*तालीम के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियाँ*
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए यहाँ वर्षभर विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की श्रृंखला चलती है। दीपावली उत्सव के लिए छात्रावास के बच्चे आसपास की बस्तियों और गाँवों में जाकर दीपक वितरित करते हैं और मिठाइयाँ बाँटकर ग्रामीणों के साथ खुशियाँ साझा करते हैं। गणेश उत्सव व अन्य पर्व में विद्यार्थी स्वयं अपने हाथों से मिट्टी की गणेश प्रतिमा तैयार कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं। इसके अलावा रक्षाबंधन, मकर संक्रांति (कुबेर लड्डू कार्यक्रम) और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्व भी पूरे हर्षाेल्लास के साथ मनाए जाते हैं। खेलकूद और तीरंदाजी जैसे खेल गतिविधियों के जरिए बच्चों में अनुशासन और टीम भावना विकसित की जा रही है। विशेषकर बालिकाएँ खेलकूद और तीरंदाजी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
*राष्ट्र निर्माण का मूल मंत्र*
शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कार के साथ सेवा और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के मूल उद्देश्य के साथ आगे बढ़ते हुए वनवासी विकास समिति के ये छात्रावास जनजातीय विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। यहाँ से निकलने वाले बालक-बालिकाएँ अपनी प्रतिभा, अनुशासन और सेवाभाव से न केवल अपने परिवारों का, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।


