खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। साइक्लोन मुरासु के प्रभाव से छत्तीसगढ़ का मौसम बिगड़ गया है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिन में बादल छाए रहे और शाम को झमाझम बारिश हुई। वहीं बस्तर में भी दिनभर रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही। इससे त्योहारी सीजन में खरीददारी भी प्रभावित हुई। वहीं कई रास्तों में पानी भी भर गया। मौसम विभाग ने 4 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने और 60 किमी तक की तेज रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है।
राजधानी में मंगलवार शाम को मुरासु के असर से जमकर बादल बरसे। तेज बारिश ने दिवाली खरीदारी को प्रभावित किया। बुधवार को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बादलों की मौजूदगी के बावजूद तापमान में खास गिरावट की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा हुई। इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रायपुर में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूमतम तापमान पेंड्रा रोड में 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
IMD के मुताबिक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना प्रचण्ड चक्रवाती तूफान “मुरासु” उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। आज, 3 नवंबर 2026 को दोपहर तक यह कमजोर होकर एक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा और आधी रात तक एक गहन अवदाब में तब्दील हो जाएगा। हालांकि, तूफान के कमजोर पड़ने के बावजूद इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ पर पड़ सकता है। खासकर रायपुर और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां ज्यादा सक्रिय रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का प्रभाव ज्यादा पड़ने की संभावना है। बस्तर सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग की ओर से बुधवार सुबह कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद और राजनांदगांव में बारिश के अलावा बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
Trending
- अमित जोगी की बढ़ी मुश्किलें: पीएम मोदी और चुनाव आयुक्त पर ‘अश्लील’ पैरोडी वीडियो मामले में रायपुर में FIR की मांग, भाजपा का 24 घंटे का अल्टीमेटम
- चक्रवात ‘मुरासु’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ का मौसम बिगड़ा: रायपुर से बस्तर तक झमाझम बारिश, 10 जिलों में मौसम विभाग का येलो अलर्ट
- महादेव सट्टा ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर की आज कोर्ट में पेशी
- मुख्यमंत्री साय का आज जशपुर दौरा…
- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 36 विभूतियों एवं संस्थाओं को राज्य अलंकरण से किया सम्मानित
- राज्य स्थापना के 26 वर्ष : नए छत्तीसगढ़ की सशक्त होती तस्वीर, दशा और दिशा
- नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
- राज्योत्सव परिसर में कृषि विभाग की प्रदर्शनी में किसानों को मिल रही खेती से जुड़ी जानकारियां


