KWNS -व्यास पाठक, रायपुर l छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार की पुनर्वास नीतियों के सकारात्मक प्रभाव के चलते नक्सलियों के आत्मसमर्पण की प्रक्रिया लगातार तेज होती नजर आ रही है। इसी क्रम में गृह विभाग को एक बड़ी सफलता मिलने की संभावना है। जानकारी के अनुसार बीबीएम (बलांगीर, बरगढ़ और महासमुंद) डिवीजन के 15 से अधिक नक्सली आगामी 3 मार्च तक छत्तीसगढ़ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर सकते हैं।
रविवार देर रात हुई विधायक दल की बैठक के बाद गृह मंत्री विजय शर्मा ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पश्चिम सब-जोनल ब्यूरो के सचिव विकास ने पत्र लिखकर आत्मसमर्पण की इच्छा जताई है।
सुरक्षित वापसी के लिए रेडियो संदेश की मांग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्र में गृह मंत्री से सुरक्षित वापसी और पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए रेडियो संदेश जारी करने का अनुरोध किया गया है, ताकि संगठन के अन्य सदस्यों को भी भरोसा मिल सके कि आत्मसमर्पण करने वालों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किया जाएगा।
गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले से ही नक्सलियों के पुनर्वास के लिए व्यापक नीति पर काम कर रही है। आत्मसमर्पण करने वालों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
रोजगार और आजीविका की व्यवस्था
उन्होंने बताया कि वन क्षेत्रों में सहकारी समितियों के माध्यम से रोजगार सृजन की योजना पर काम किया जा रहा है। वन उपज संग्रहण, प्रसंस्करण तथा अन्य स्थानीय संसाधनों के जरिए आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए स्थायी आजीविका सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।
जल्द जारी होगा वीडियो संदेश
गृह मंत्री विजय शर्मा ने यह भी कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की सुरक्षित वापसी और पुनर्वास के संबंध में वे जल्द ही वीडियो संदेश जारी करेंगे। सरकार का उद्देश्य है कि हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वाले लोगों को स्थायी, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जाए।
प्रदेश में लगातार हो रहे आत्मसमर्पणों को सुरक्षा बलों की कार्रवाई, विकास योजनाओं और पुनर्वास नीतियों के संयुक्त प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और स्थिरता स्थापित होने की उम्मीद बढ़ी है।


