खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। रेलवे विभाग के मुख्य कार्यालय अधीक्षक ने एक सूदखोर युवक पर पिछले डेढ़ वर्ष से लगातार भयादोहन, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देकर मोटी रकम ऐंठने का आरोप लगाया है। सूदखोर ने सिर्फ 50 हजार रुपये दिए थे और उसके एवज में लाखों रुपये व अन्य सामान हड़प लिए। वहीं ब्याज नहीं देने पर आरोपी ने झूठे गांजा केस में फंसाने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी हेमंत करवा, निवासी देवरीखुर्द अटल आवास के खिलाफ धारा 308 (5) व 308 (6) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता बाबू लाइन रेलवे कॉलोनी निवासी गजाधर सिंह (49), जो कि रेलवे विभाग के मुख्य कार्यालय अधीक्षक के पद पर हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 3-4 साल पहले रकम की जरूरत पड़ने पर उन्होंने परिचित कैलाश सिंह के माध्यम से उसके भाई दिनेश सिंह से 50 हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। ब्याज की वसूली के बहाने हेमंत करवा घर आने-जाने लगा। आरोप है कि मूल रकम व ब्याज लौटाने के बाद भी आरोपी ने धमकाकर अतिरिक्त रकम की मांग शुरू कर दी और नगद व ऑनलाइन भुगतान के जरिए लगातार पैसे ऐंठता रहा।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी ऑफिस पहुंचकर भी धमकी देता था और जबरन साथ ले जाकर दबाव बनाता था। मानसिक तनाव के चलते वह हर माह वेतन का बड़ा हिस्सा उसे देता रहा, यहां तक कि बैंक लोन की किस्तें भी अटकने लगीं और दोपहिया वाहन गिरवी रखना पड़ा।
शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने अपनी पत्नी के नाम पर पल्सर 220 बाइक फाइनेंस कराई, जिसका डाउन पेमेंट पीड़ित से कराया गया और किस्तें भरने का दबाव बनाया गया। बाद में दोस्त शनि वर्मा के नाम पर बुलेट बाइक दिलवाने तथा भुगतान के लिए स्वहस्ताक्षरित चेक लेने का भी आरोप है। पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी पिस्तौल दिखाकर धमकाता था और मोबाइल से दबावपूर्वक बातें कहलवाकर वीडियो/कॉल रिकॉर्डिंग करता था, ताकि आगे ब्लैकमेल कर सके। आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने, परिवार को नुकसान पहुंचाने और गांजा केस में फंसाने की धमकी दी।
Trending
- पटवारी हड़ताल सरकार की सोची-समझी साजिश थी, किसानों का पूरा धान खरीदना होगा: भूपेश बघेल
- जादू-टोना के शक में 42 वर्षीय ग्रामीण की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
- श्रीमद् भागवत कथा से मिलता है भक्ति, सदाचार और लोककल्याण का संदेश: मंत्री राजेश अग्रवाल
- धान खरीदी में पारदर्शिता सर्वोपरि, किसानों की सुविधा का रखें पूरा ध्यान : मनोज कुमार पिंगुआ
- भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्श न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं : मुख्यमंत्री साय
- घर बैठे मिला ऑनलाइन टोकन, किसानों के लिए धान बेचना हुआ आसान
- पेंड्रा बायपास के निर्माण के लिए 109 करोड़ की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति
- अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर सरगुजा के रामगढ़ में आकार ले रहा भव्य श्रीराम मंदिर, मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण


