KWNS – Santosh Pathak, मुंगेली। जिला शिक्षा अधिकारी को युवा कांग्रेस के साथियों द्वारा ज्ञापन सौंपते हुए जिला स्काउट्स एवं गाइड्स मुंगेली में व्याप्त वित्तीय अनियमितताओं, अवैध नियुक्तियों एवं नियमों के विरुद्ध किए गए भुगतानों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
युवा कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि जिला मुंगेली अंतर्गत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन के संचालन में गंभीर वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताएं सामने आ रही हैं। संगठन में वर्ष 2022 से 2025 के मध्य अध्यक्ष एवं सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर की गई नियुक्तियों में निर्धारित नियमों एवं पारदर्शी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। विशेष रूप से सचिव पद पर पूनम शर्मा की नियुक्ति किस आधार पर की गई, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। प्रथम दृष्टया यह नियुक्ति संगठन के बायलॉज के विरुद्ध प्रतीत होती है।
इसके अलावा पूनम शर्मा एवं मोरध्वज सप्रे पर संगठन की राशि के मनमाने उपयोग का आरोप लगाते हुए वित्तीय गबन की आशंका जताई गई है। आरोप है कि बिना उचित ऑडिट एवं सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बिल-वाउचर्स के माध्यम से भारी राशि का आहरण किया गया, जो कि शासकीय एवं संगठनात्मक धन का दुरुपयोग है। पिछले तीन वर्षों से संगठन की आय-व्यय का विवरण एवं ऑडिट रिपोर्ट न तो प्रस्तुत की गई है और न ही इसे सार्वजनिक व पारदर्शी रखा गया है।
इस संबंध में पार्षद अजय साहू ने कहा कि शासन की राशि का दुरुपयोग किया गया है, जिसकी तीन बिंदुओं में जांच कराए जाने हेतु एक निष्पक्ष जांच समिति का गठन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि पूनम शर्मा एवं मोरध्वज सप्रे द्वारा किए गए समस्त भुगतानों के मूल बिल-वाउचर्स एवं चेकबुक की जांच की जाए। दोषी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करते हुए गबन की गई राशि की वसूली की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद अजय साहू, युवा नेता नरसिंह निषाद, प्रिंस यादव, जय कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



