जी राम जी बिल को मिली राष्ट्रपति की मंजूरी
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक’ को अपनी मंजूरी दे दी। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने यह जानकारी रविवार को दी. इससे पहले विपक्ष के कड़े विरोध के बावजूद संसद ने वीबी-जी राम जी विधेयक, 2025 को पारित किया था। यह विधेयक मौजूदा ग्रामीण रोजगार कानून मनरेगा की जगह लेने के लिए लाया गया है।
सरकार के मुताबिक, इस नई योजना के तहत हर ग्रामीण परिवार को एक वित्त वर्ष में 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा। दावा किया जा रहा है कि यह योजना सिर्फ रोजगार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांवों में स्थायी आजीविका, बेहतर बुनियादी ढांचा और आर्थिक मजबूती की नींव रखेगी।
ग्रामीण विकास मंत्रालय का कहना है कि यह पहल ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय विजन के अनुरूप है, जिसका लक्ष्य ग्रामीण इलाकों को आत्मनिर्भर बनाना और शहरों के बराबर विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि नई योजना से गांवों में पलायन रुकेगा, स्थानीय स्तर पर काम के मौके बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी।
हालांकि विपक्ष का आरोप है कि मनरेगा जैसी स्थापित योजना को हटाकर नई व्यवस्था लाना जोखिम भरा हो सकता है। इसके बावजूद सरकार का दावा है कि विकसित भारत-जी राम जी योजना ग्रामीण भारत के लिए एक नई शुरुआत साबित होगी और आने वाले वर्षों में इसके दूरगामी असर देखने को मिलेंगे।


