KWNS – संतोष पाठक मुंगेली, मुंगेली। प्राचीन शंकर मंदिर मल्लाह पारा परिसर में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों की पावन स्मृति में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धांजलि सभा एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर की स्वच्छता, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य श्रमदान के माध्यम से किया।
श्री शंकर मंदिर समिति के संयोजक राजेश नामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि पुलवामा के शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में सदैव आगे रहने और समाज के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी गोचंद पटेल ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा की भावना विकसित करना है, ताकि वे समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही, जिनमें सुलेखा कांत, दिव्या नामदेव, करीना, हेमलता, प्रीति, धर्मराज, सपना, राजसिंह, परिनियन, आकाश, केशव, भूपेंद्र, ओमसागर, सूरज, आनंद, आस्था, दीपिका, रागिनी, गोपाल, रामसिंह, पुष्पराज, रितेश, रनिया सहित अनेक स्वयंसेवक शामिल रहे।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।


