साइंस कॉलेज मैदान से होंगे रवाना, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह करेंगे शिरकत

खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त रविवार को रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आजादी के अमृत महोत्सव और देश की स्वतंत्रता के 75वी वर्षगांठ के तहत तीन बड़े आयोजन होंगे। इसके तहत दोपहर 2 बजे भव्य मोटर साइकिल रैली, जो साइंस कॉलेज मैदान से निकलेगी, इसी तरह शाम 4 बजे रामनगर से तिरंगा यात्रा का आरंभ और शाम 6 बजे गुढ़ियारी स्थित भारत माता प्रतिमा के समक्ष भारत माता की महाआरती का आयोजन किया गया है। इस आयोजन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखे गए है।
पूर्व मंत्री मूणत ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह होंगे। उन्होंने बताया कि दोपहर 2 बजे भव्य तिरंगा मोटर सायकल यात्रा साइंस कॉलेज से निकलेगी, जिसमे करीब 4000 हज़ार मोटरसाइकिल में केसरिया पगड़ी पहनकर और तिरंगा हाथों में लेकर भारत माता के जयघोष करते हुए भाजपा नेता और कार्यकर्ता शहर भ्रमण पर निकलेंगे।
उन्होंने बताया कि यह रैली साइंस कालेज मैदान से प्रारम्भ होकर महोबा बाजार हीरापुर, बंगाली होटल, होटल सरोवर पोर्टिको, डूमर तालाब , सरोना , महादेवघाट रोड, लाखे नगर ,आमापारा, तात्यापारा, राठौर चौक तेलघानी नाका , अग्रसेन चौक , समता कॉलोनी, रामनगर अंडरब्रिज, कबीर नगर चौक , पहाड़ी चौक , गुढ़ियारी पड़ाव , हनुमान मंदिर , दुर्गा चौक, शिवानंद नगर अंडर ब्रिज , चिरकुटी मंदिर से होते हुए भारत माता चौक गुढ़ियारी पहुंचेगी।
मूणत ने कहा कि इस आयोजन में युवा मोर्चा , महिला मोर्चा ,सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकरी कार्यकर्ता भी शामिल होंगें।
भारत माता की भव्य महाआरती:-
मोटर साइकिल रैली के बाद तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा, उसके बाद शाम 6 बजे गुढ़ियारी स्थित भारत माता प्रतिमा के समक्ष भारत माता की महाआरती का आयोजन होगा। जिसमें पंडितों के द्वारा मंत्रोच्चार के साथ महाआरती की जाएगी। उन्होंने बताया कि महाआरती के बाद छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक एवं गायिकाओं द्वारा देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन भी होगा। उत्साहवर्धन के लिए कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम की तैयारी पूरी, मूणत ने की समीक्षा :-
कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर शनिवार को पूर्व मंत्री मूणत ने रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडल, रामसागर पारा मंडल , तात्यापारा मंडल, गुढ़ियारी मंडल , और दीनदयाल उपाध्याय मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ आवश्यक बैठक कर कार्यक्रम की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए, सभी आयोजन की मूणत खुद मॉनिटरिंग भी कर रहे है।