खबर वर्ल्ड न्यूज- कांकेर। धमतरी के रहने वाले एक युवक की कांकेर में हत्या कर दी गई है। युवक के सिर में काफी गहरे चोट के निशान मिले हैं। इसलिए आशंका जताई गई है कि उसे पहले डंडे से मारा गया है। इसके बाद उसके शव को फेंका गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
कोकड़ी मार्ग पर सड़क किनारे खेत पर बुधवार को लोगों ने एक युवक का शव देखा था। उसका एक चप्पल दूर पड़ा हुआ था। सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया था। इसके बाद लोगों ने तुरंत ही इस बात की सूचना पुलिस को दी थी। खबर मिलने पर तुरंत ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में जांच शुरू की थी। लाश देखने पर पुलिस ने आशंका जताई है कि उसके सिर पर डंडे या पत्थर से हमला किया गया है। हत्या करने के बाद शव को फेंका गया है। जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान श्रीकांत सोनी के रूप में हुई है।
श्रीकांत मूल रूप से धमतरी का रहने वाला था। वो कांकेर में किसी ढाबे में काम करता था। श्रीकांत ने कांकेर के गोतपुर की रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। फिलहाल पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।