नई दिल्ली। अक्सर लोग अनार तभी खाते हैं, जब वह बीमार हों। लेकिन इसे हर रोज खाना चाहिए। यह एक ऐसा फल है जिसमें कम कैलोरी और फैट होता है लेकिन फाइबर, विटामिन और मिनिरल्स की मात्रा अधिक होती है। लाल अनार जितना देखने में अच्छा लगता है, उतना ही खाने में भी टेस्टी होता है। यह व्यक्ति को कई बीमारियों से बचाता है।
पोषक तत्वों का पावर पैक
हेल्थलाइन के मुताबिक 1 अनार में 234 कैलोरीज होती हैं जिसमें 4.7gm प्रोटीन, 3.3 gm फैट, 52 gm कार्बोहाइड्रेट, 11.3gm फाइबर, 32% विटामिन सी, 27% फोलेट, 8% मैग्नीशियम, 8% फॉस्फोरस, 13% पोटैशियम होता है। इसे साबुत खाएं या जूस निकालकर पीये, दोनों ही फायदेमंद है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो बॉडी के सेल्स को सुरक्षित रखते हैं और उन्हें फ्री रेडिकल्स से डैमेज होने से बचाते हैं। इससे शरीर बड़ी से बड़ी बीमारी से भी बच जाता है। इसमें एंटी-कैंसर प्रॉपर्टी होती हैं। रिसर्च के मुताबिक अगर किसी को लीवर कैंसर की शुरुआती स्टेज हो और वह रोज अनार खाए तो ट्यूमर की ग्रोथ धीमी हो जाती है।
ब्लड प्रेशर को रखे कंट्रोल
अनार दिल की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। जो लोग इस फल को खाते हैं, उन्हें हार्ट अटैक का खतरा नहीं होता। इसे खाने से ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल रहता है। 2022 में हुई रिसर्च के अनुसार लगातार 2 महीने तक अनार का जूस पीने से सिस्टोलिक और डायस्टोलिक ब्लड प्रेशर कम होने लगता है। जिन लोगों को छाती का दर्द होता है, इसे खाने से कम हो जाता है। इसके अलावा जिन लोगों में खून की कमी है, उन्हें यह फल लेना चाहिए क्योंकि इसमें आयरन की मात्रा ज्यादा होती है जो हीमोग्लोबिन को बढ़ाती है।
यूरिन इन्फेक्शन नहीं होता
अनार यूरिनरी हेल्थ के लिए बहुत अच्छा है। इसे खाने से जहां यूरिन इंफेक्शन नहीं होता, वहीं किडनी स्टोन से भी बच जाते हैं। इसमें अनार खाने से खून में कैल्शियम, ऑक्सलेट और फॉस्फेट रेगुलेट होता है। इन्हें 3 चीजों से किडनी स्टोन बनता है।
भूलने की बीमारी नहीं होती
इस फल को खाने से खून में इंफ्लामेशन नहीं होता जिससे दिमाग की सेहत दुरुस्त रहती है। जिन लोगों को अल्जाइमर होता है यानी भूलने की बीमारी होती है, उन्हें अनार खाना चाहिए। दरअसल अनार में एलागिटानिन्स नाम का केमिकल होता है जो ब्रेन सेल्स को बढ़ाता है। इससे व्यक्ति की याददाश्त ठीक रहती है।
पेट की सेहत रहे दुरुस्त
अनार एक सुपरफूड है। यह आंतों के माइक्रोबायोम को ठीक रखता है जिससे गट हेल्थ अच्छी रहती है। अनार गट बैक्टीरिया के लिए प्रीबायोटिक है जिससे पाचन क्रिया ठीक रहती है। जिन लोगों को पेट से जुड़ी समस्या है, उन्हें हर रोज इस फल को खाना चाहिए।
अनार कब खाएं
आयुर्वेद आचार्य एस. पी. कटियार कहते हैं कि हर फल को खाने का एक नियम और सही समय होता है। अनार को हमेशा नाश्ते से पहले खाना चाहिए। इसे खाली पेट खाने से शरीर में एनर्जी बनी रहती है और मेटाबॉलिज्म बढ़ता है। इसे बाकी फलों के साथ नहीं बल्कि अकेले ही खाना चाहिए ताकि इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर में अच्छे से घुल जाएं।