सेवा सहकारी समिति बेमेतरा व टकसिवा केंद्रों सहित कई उपार्जन केंद्रों में किसानों ने बेचा धान
खबर वर्ल्ड न्यूज-आशीष कंठले-बेमेतरा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सीजन 2025-26 के शुभारंभ के साथ ही बेमेतरा जिले में खरीदी गतिविधियां गति पकड़ने लगी हैं। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन मे जिले में कुल 129 धान उपार्जन केंद्रों में से आज 16 केंद्रों में धान खरीदी संपन्न हुई, जहाँ किसानों ने उत्साहपूर्वक अपनी उपज बेची।
सेवा सहकारी समिति बेमेतरा, जहाँ सुबह विधायक दीपेश साहू ने धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया था, वहीं टकसिवा धान खरीदी केंद्र (बेरला) सहित अन्य केंद्रों में भी दिनभर खरीदी सुचारु रूप से चलती रही। दिनभर चली खरीदी में जिले के 16 उपार्जन केंद्रों पर किसानों ने अपनी उपज बेचकर खरीदी अभियान का प्रभावी प्रारंभ किया। आज हुई कुल खरीदी में मोटा धान 846.40 क्विंटल, पतला धान 227.60 क्विंटल, तथा सरना धान 770.40 क्विंटल शामिल रहा। इस प्रकार बेमेतरा जिले में पहले दिन कुल 1053.60 क्विंटल धान की खरीद हुई, जो किसानों के विश्वास और उत्साह का प्रतीक है।
सेवा सहकारी समिति बेमेतरा केंद्र में आज सुबह कृषक रामकुमार और संतु राम द्वारा 26 क्विंटल 40 किलोग्राम धान की तुलाई कर खरीदी प्रक्रिया का औपचारिक उद्घाटन किया गया था। इसके बाद केंद्र में निरंतर किसानों का आगमन होता रहा और सभी सुविधाओं व सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच खरीदी का कार्य दिनभर सहजता से चलता रहा।
इसी प्रकार टकसिवा धान खरीदी केंद्र, बेरला में किसान चंद्रप्रकाश साहू ने 135.60 क्विंटल धान बेचकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की, जिसके बाद केंद्र में किसानों की सक्रिय भागीदारी बनी रही।
जिला प्रशासन एवं सहकारी समितियों द्वारा की गई पूर्व तैयारियाँ-टोकन व्यवस्था, पारदर्शी सत्यापन, तुलाई मशीनों की सटीकता, सुरक्षा प्रबंधन, बिजली-पानी, छाया व विश्राम की सुविधा-किसानों के लिए खरीदी प्रक्रिया को सहज और बिना किसी परेशानी के पूरा करने में सहायक सिद्ध हुईं। किसानों ने बताया कि इस बार खरीदी केंद्रों में व्यवस्था पहले से अधिक सुचारु है और प्रतीक्षा समय भी कम है।
विधायक दीपेश साहू ने आज सुबह शुभारंभ अवसर पर कहा था कि सरकार किसानों को सम्मानजनक, पारदर्शी और व्यवस्थित खरीदी व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है। आज के खरीदी आँकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि जिले में खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में किसानों की और अधिक भागीदारी देखने को मिलेगी। केंद्रों में जनप्रतिनिधियों, समिति प्रबंधन और प्रशासनिक टीम की उपस्थिति ने खरीदी को और भी सहज बनाया।
बेमेतरा जिले में पहले दिन हुई 1844.40 क्विंटल खरीदी यह दर्शाती है कि खरीदी सीजन सकारात्मक शुरुआत कर चुका है और आने वाले दिनों में खरीदी और भी तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है।


