नई दिल्ली। तेजा सज्जी की फिल्म ‘हनुमैन’ की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कहर जारी है। अब मंगलवार को भी ‘हनुमैन’ ने करोड़ों में बिजनेस किया। इसके साथ ही फिल्म अब एक नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ चली है।
‘हनुमैन’ कम बजट में बनी तेलुगु फिल्म है, जिसे हिंदी बेल्ट में भी पसंद किया जा रहा है। फिल्म अपने शानदार वीएफएक्स के लिए सबसे ज्यादा ध्यान खींच रही है। यही वजह है कि बिना प्रमोशन ‘हनुमैन’ बॉक्स ऑफिस पर आगे बढ़ रही है।
‘हनुमैन’ ने बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत 8 करोड़ के साथ की थी। इसके बाद से फिल्म का बिजनेस लगातार बढ़ रहा है। खासकर वीकेंड पर ‘हनुमैन’ नोट छाप रही है। फिल्म के लेटेस्ट कलेक्शन की बात करें, तो रविवार को ‘हनुमैन’ ने 17.6 करोड़ कमाए। फिल्म ने दूसरे मंडे टेस्ट में भी ठीक- ठाक बिजनेस किया।
सोमवार को ‘हनुमैन’ ने 6.95 करोड़ कमाए। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को भी फिल्म ने कलेक्शन में ज्यादा गिरावट नहीं आने दी। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने 23 जनवरी को देशभर में 4.65 करोड़ कमाए। इसके साथ ही रिलीज के 12 दिनों में ‘हनुमैन’ ने 143.65 करोड़ का नेट बिजनेस कर लिया है। अब फिल्म 150 करोड़ कमाकर एक नया रिकॉर्ड बनाने की राह पर चल रही है।
सेकेंड पार्ट का एलान
‘हनुमैन’ का डायरेक्शन प्रशांत वर्मा ने किया है। हाल ही में उन्होंने अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर फिल्म के सेकेंड पार्ट की घोषणा की। ‘हनुमैन’ की अगली कड़ी का नाम ‘जय हनुमान’ होगा।

