खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-दंतेवाड़ा। जिले के किरंदुल नगर पालिका के कांग्रेस पार्षदों ने अपनी ही पार्टी के नगर पालिका अध्यक्ष मृणाल राय को हटाने कांग्रेस के दस पार्षदों में से सात पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया है। नगर पालिका के उपाध्यक्ष बाल सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस और भाजपा सहित निर्दलीय पार्षदों ने कलेक्टर को पत्र सौपा हैं। पत्र में कहा गया है कि नगर पालिका अध्यक्ष मृणाल राय का अपने पद पर बने रहना जनहित व परिषद हित में नहीं होगा, जिसकी वजह से हम अविश्वास प्रस्ताव ला रहे हैं। कांग्रेस के जिला महामंत्री सलीम रजा उस्मानी ने बताया कि पार्टी का मामला है। पार्टी के पार्षदों से चर्चा कर नाराजगी को दूर किया जाएगा।
बता दें कि किरंदुल नगर पालिका में कुल 18 वार्ड हैं, जिसमें दस में कांग्रेस, चार में भाजपा, तीन में निर्दलीय व एक में सीपीआइ के पार्षद हैं। फिलहाल नगर में कांग्रेस की बहुमत है, लेकिन पार्टी के ही सात पार्षदों के बगावती तेवर अपना लिया है और अविश्वास प्रस्ताव लाया है। अध्यक्ष को अपनी कुर्सी बचाने के लिए 12 पार्षदों का समर्थन लेना होगा। हालांकि
अभी कलेक्टर ने बहुमत साबित करने के लिए कोई तिथि तय नही की है। किरंदुल नगरपालिका में अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद कांग्रेस ने मामले को सुलझाने के लिए कमेटी बनाई है।

