6 जनवरी को सभी मतदान केन्द्रों में होगा मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। भारत निर्वाचन आयोग, नई-दिल्ली द्वारा आगामी लोकसभा निर्वाचन-2024 के दृष्टिगत मतदाता सूची में नाम पंजीयन, विलोपन, स्थानातंरण एवं प्रविष्टि में किसी भी प्रकार के संशोधन हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम वर्ष-2024 जारी किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव ने बताया कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 06 जनवरी, 2024 (शनिवार) को जिले के सभी मतदान केन्द्रों में मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा और इसी के साथ दावा-आपत्ति प्राप्त करने की कार्यवाही प्रारंभ हो जाएगी। जिले के सभी मतदान केन्द्रों में 13 जनवरी 2024 (शनिवार) एवं 14 जनवरी 2024 (रविवार) को दो दिवसीय विशेष शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने पर नवीन मतदाता बनने के लिए फार्म 06, आधार से मतदाता पहचान पत्र जोड़ने के लिए फार्म 06 बी, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं का नाम विलोपित करने के लिए फार्म 07 और मतदाता सूची में संशोधन, स्थानांतरण एवं नया एपिक प्राप्त करने के लिए फार्म 08 भरकर जमा करना होगा। उन्होंने बताया कि 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई अथवा 01 अक्टूबर 2024 की स्थिति में उम्र 18 वर्ष पूर्ण होने जा रही है, तो मतदाता बनने के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। मतदाता सुविधा का लाभ पाने के लिए बीएलओ से सम्पर्क अथवा वोटर हेल्पलाईन एप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा वोटर हेल्पलाईन नम्बर 1950 पर भी काल कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैंl

