खबर वर्ल्ड न्यूज-सुकमा। जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर थाना जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत कैम्प सिलगेर से सीआरपीएफ 229 वाहिनी एवं थाना जगरगुण्डा से जिला बल की संयुक्त पार्टी सर्चिंग अभियान में ग्राम दुरनदरभा, बेदरे जंगल की ओर रवाना हुए थे, अभियान के दौरान बेदरे के जंगल से एक नक्सली डीएकेएमएस सदस्य माड़वी कोसा उर्फ भीमा पिता स्व. सुकलू निवासी बेदरे रोडपारा थाना जगरगुण्डा को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार नक्सली डीएकेएमएस सदस्य माड़वी कोसा उर्फ भीमा का नक्सल रिकार्ड की जांच करने पर थाना जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत 17 दिसंबर 2023 को कैम्प बेदरे से निकली गस्त, सर्चिंग पार्टी पर फायरिंग करने की वारदात में अन्य नक्सली सदस्यों के साथ शामिल था। उक्त घटना में सुरक्षा बल का 01 जवान शहीद व 01 जवान घायल हुए थे। घटना के संबंध में थाना जगरगुण्डा में अपराध क्रमांक 07/ 2023 धारा 147, 148, 149, 307, 302 भादवि, 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत पूर्व से प्रकरण पंजीबद्ध है। उक्त प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करते हुये आरोपी माड़वी कोसा उर्फ भीमा के विरूद्ध कार्यवाही उपरांत न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार नक्सली माड़वी कोसा उर्फ भीमा वर्ष 2021 से 2023 तक सिलगेर आरपीसी अन्तर्गत डीएकेएमएस सदस्य के रूप में सक्रिय रहा। इस दौरान वर्ष 2021 में जगरगुण्डा और तर्रेम के मध्य करीगुड़ेम के पास रोड़ खोदकर मार्ग अवरूद्ध करने की घटना में शामिल था। वर्ष 2021 में ग्राम सिलगेर के पास रोड़ खोदकर मार्ग अवरूद्ध करने की घटना में शामिल था। वर्ष 2022 में ग्राम मिसीगुड़ा के पास रोड़ खोदकर मार्ग अवरूद्ध करने की घटना में
शामिल था। वर्ष 2023 में बेदरे से गस्त सर्चिंग पर निकली सुरक्षा पार्टी पर फायरिंग करने की घटना में शामिल था उक्त घटना में सुरक्षा बल का 01 जवान शहीद, 01 जवान घायल हुए थे।

