भोपाल। कांग्रेस के विधायक पांचीलाल मेडा ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने सदन में उनकी शर्ट फाड़ दी। वहीं विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि मेडा ने खुद ही सदन में अपनी शर्ट फाड़ी थी।
विधानसभा सत्र के बृहस्पतिवार दोपहर को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद सदन से फटी शर्ट पहने बाहर आए मेडा ने विधानसभा परिसर में संवाददाताओं को बताया, 'भाजपा विधायकों ने मेरी शर्ट फाड़ी है।' संवाददाताओं से बातचीत के दौरान आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले मेडा रोने लगे। उन्होंने कहा, 'मेरी जान को (भाजपा विधायक) उमाकांत शर्मा एवं सरकार से खतरा है। मैं आदिवासी किसानों के लिए लड़ रहा था। इसलिए मेरी आवाज दबाने के लिए मुझे पिटवाया गया। विधानसभा अध्यक्ष एवं राज्य सरकार से अपनी सुरक्षा की मांग करूंगा।
सदन में मुझे डराया जाता है: मेडा
मेडा ने आरोप लगाया, 'सदन में मुझे डराया जाता है। पुलिस द्वारा मारा जाता है।' एक दिन पहले बुधवार को सदन में उनके द्वारा उमाकांत शर्मा का कॉलर पकड़ने के आरोप पर पूछे गये सवाल में मेडा ने कहा, 'मैंने उमाकांत शर्मा का कोई कॉलर नहीं पकड़ा था। उन्होंने मेरा कॉलर पकड़ा था और मुझे धक्का दिया था। मैं तो गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को बताने जा रहा था कि मेरे साथ विधानसभा परिसर के द्वार पर क्या हुआ था। उमाकांत मेरे पास आए थे।